महाराष्ट्र के रायगढ़ जिले के उरण में सोमवार को ओएनजीसी के एक प्रमुख नेचुरल गैस और तेल रिफाइनरी प्लांट में अचानक भीषण आग भड़क उठी। इस हादसे से आसपास के क्षेत्रों में अफरा-तफरी और दहशत का माहौल फैल गया। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।
सूचना मिलते ही सीआईएसएफ और सिडको की फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंच गईं। कम से कम सात दमकल गाड़ियां और अन्य आपातकालीन वाहन घटनास्थल पर मौजूद रहे। घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आखिरकार आग पर काबू पा लिया गया। राहत की बात यह रही कि इस हादसे में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। आग लगते ही प्लांट में काम कर रहे कर्मचारियों और आसपास के लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।
जानकारी के अनुसार, यह रिफाइनरी प्रोजेक्ट भारत सरकार द्वारा संचालित एक महत्वपूर्ण और संवेदनशील केंद्र है, जो देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए बेहद अहम माना जाता है। यहां प्राकृतिक गैस और तेल की रिफाइनिंग के साथ-साथ वितरण का कार्य भी होता है। ऐसे में यदि आग पर समय रहते नियंत्रण नहीं पाया जाता, तो यह घटना एक बड़ी त्रासदी का रूप ले सकती थी।
महाराष्ट्र: ओएनजीसी के प्लांट में आग लगने से अफरा-तफरी और दहशत का माहौल





