सिक्किम में एक बार फिर प्राकृतिक आपदा ने तबाही मचाई है। पश्चिमी सिक्किम के यांगथांग क्षेत्र के ऊपरी रिम्बी इलाके में आधी रात को भूस्खलन हुआ, जिसमें तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। इस हादसे में तीन अन्य लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं।
सूचना मिलते ही पुलिस और एसएसबी के जवान स्थानीय लोगों के साथ बचाव कार्य में जुट गए। घटनास्थल तक पहुंचने के लिए हुमे नदी पार करनी थी, जिसमें पहले से बाढ़ का पानी भरा था। ऐसे में बचाव दल ने पेड़ का सहारा लेकर अस्थायी पुल बनाया और दो महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला। दोनों को अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान एक महिला की मौत हो गई जबकि दूसरी की हालत नाज़ुक बनी हुई है।
गौरतलब है कि 1 जून को भी सिक्किम के चट्टन क्षेत्र में बड़ा भूस्खलन हुआ था, जिसकी चपेट में एक सैन्य शिविर भी आया था। उस समय तीन शव बरामद किए गए थे और कई लोग घायल हुए थे। इस साल लगातार हो रही भारी बारिश के कारण पूर्वोत्तर और पहाड़ी राज्यों में भूस्खलन और बाढ़ से बड़ी तबाही हुई है, जिसमें अब तक सैकड़ों लोगों की जान जा चुकी है।
सिक्किम में हुए भूस्खलन में चार लोगों की मौत, तीन लापता






