मध्य प्रदेश के श्योपुर जिले स्थित कूनो नेशनल पार्क से एक दुखद खबर सामने आई है। पार्क की मशहूर मादा चीता ‘ज्वाला’ की 20 माह की शावक चीते की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। आशंका जताई जा रही है कि शिकार के दौरान उसे गंभीर चोटें आईं, जिनसे उसकी जान चली गई।
कूनो के अधिकारियों ने सोमवार शाम करीब 6:30 बजे जंगल से मृत मादा चीता को बरामद किया, जिसके बाद विभाग में हड़कंप मच गया। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। अधिकारियों का कहना है कि असली वजह का पता रिपोर्ट आने के बाद ही चल सकेगा। जानकारी के अनुसार, मृत शावक ने एक माह पहले अपनी मां ‘ज्वाला’ और कुछ दिन पहले अपने साथी शावकों से दूरी बना ली थी। उसे 21 फरवरी 2025 को मां और तीन अन्य शावकों के साथ जंगल में छोड़ा गया था।
प्रारंभिक जांच में मौत का कारण तेंदुए के साथ संघर्ष बताया जा रहा है। हालांकि, पूरी पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही होगी। फिलहाल, कूनो नेशनल पार्क में अब कुल 25 चीते मौजूद हैं, जिनमें 9 वयस्क (6 मादा और 3 नर) और 16 भारत में जन्मे शावक शामिल हैं। सभी शेष चीते स्वस्थ बताए जा रहे हैं।
एमपी: कूनो नेशनल पार्क में मादा चीते की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत, हड़कंप मचा






