हरियाणा में एक वरिष्ठ आईपीएस अधिकारी वाई. पूरन कुमार सिंह द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। उन्होंने चंडीगढ़ स्थित अपने घर में सर्विस रिवॉल्वर से गोली मारकर अपनी जान दे दी। पुलिस को उनके शव के पास से 8 से 9 पन्नों का सुसाइड नोट मिला है, जिसमें कथित तौर पर 30 से 35 आईपीएस अधिकारियों और कुछ आईएएस अधिकारियों पर मानसिक उत्पीड़न के गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
मंगलवार को सेक्टर-11 स्थित आवास में हुई इस घटना ने प्रशासनिक हलकों में सनसनी मचा दी है। पूरन कुमार सिंह हरियाणा में एडीजीपी पद पर तैनात थे। उन्होंने सोमवार को अपने गनमैन से सर्विस रिवॉल्वर ली थी। आधिकारिक रूप से आत्महत्या की वजह सामने नहीं आई है, लेकिन सूत्रों का कहना है कि कुछ अधिकारियों द्वारा मानसिक प्रताड़ना के कारण उन्होंने यह कदम उठाया।
बेटी ने बेसमेंट में पाई खून से लथपथ लाश
मंगलवार सुबह और दोपहर के बीच पूरन ने घर के बेसमेंट में खुद को गोली मारी। बेसमेंट साउंडप्रूफ होने के कारण किसी को गोली की आवाज नहीं सुनाई दी। कुछ देर बाद जब उनकी बेटी उन्हें खोजते हुए नीचे गई, तो उसने अपने पिता को खून से लथपथ हालत में पाया। पास में ही वह रिवॉल्वर भी थी जिससे आत्महत्या की गई थी। बेटी ने तुरंत पुलिस को सूचित किया, जिसके बाद दोपहर करीब डेढ़ बजे पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। शाम पांच बजे शव को पोस्टमॉर्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
पत्नी अमनीत पी. कुमार विदेश दौरे पर थीं
घटना के वक्त पूरन की पत्नी अमनीत पी. कुमार, जो स्वयं एक आईएएस अधिकारी हैं, मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के साथ जापान के आधिकारिक दौरे पर थीं। पति की आत्महत्या की सूचना मिलते ही वह भारत लौटने के लिए रवाना हो गईं। उनके लौटने के बाद ही पोस्टमॉर्टम और अंतिम संस्कार की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।
गनमैन सुशील पर रिश्वत केस को बताया जा रहा वजह
आत्महत्या की एक संभावित वजह उनके गनमैन सुशील पर दर्ज रिश्वतखोरी का मामला बताया जा रहा है। रोहतक में शराब ठेकेदार से ₹2.5 लाख मासिक रिश्वत लेने के आरोप में सुशील पर केस दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया गया था। पूछताछ के दौरान उसने पूरन कुमार का नाम भी लिया था। रोहतक के एसपी नरेंद्र बिजारणिया ने इसकी पुष्टि की है और इसे ही आत्महत्या का मुख्य कारण माना जा रहा है, हालांकि पुलिस ने आधिकारिक रूप से सुसाइड की वजह का खुलासा नहीं किया है।
सुसाइड नोट में कई अधिकारियों के नाम
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि पूरन के पास से एक वसीयत और अंतिम पत्र बरामद हुआ है। भले ही इसकी पूरी जानकारी सार्वजनिक नहीं की गई है, लेकिन सूत्रों के अनुसार, पूरन ने अपने सुसाइड नोट में 30 से 35 आईपीएस और कुछ आईएएस अधिकारियों पर मानसिक उत्पीड़न के आरोप लगाए हैं। आत्महत्या से पहले उन्होंने यह पत्र अपनी पत्नी और दो आईपीएस अधिकारियों को भी भेजा था।






