दिल्ली एयरपोर्ट के टर्मिनल-3 पर एयर इंडिया SATS की एक खाली यात्री बस में अचानक आग लग गई। हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया और बस में कोई यात्री मौजूद नहीं था, जिसके चलते एक बड़ा हादसा होने से बच गया।
मंगलवार दोपहर इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे पर यह घटना घटी। टर्मिनल-3 पर एयर इंडिया की यह बस विमान से कुछ ही दूरी पर खड़ी थी, जब उसमें आग भड़क उठी। सौभाग्य से, आग लगने के समय बस में कोई नहीं था और किसी के घायल होने की खबर भी नहीं है। सूचना मिलते ही एयरपोर्ट प्रशासन हरकत में आ गया। फायर ब्रिगेड की टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर आग बुझाने का काम शुरू किया और कुछ ही मिनटों में लपटों पर काबू पा लिया गया। घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें बस आग की लपटों में घिरी दिखाई दे रही है।
दिल्ली एयरपोर्ट प्रबंधन ने बयान जारी कर कहा कि दोपहर में ग्राउंड हैंडलिंग कंपनी की एक बस में आग लग गई थी। हमारे प्रशिक्षित अग्निशमन और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर तुरंत कार्रवाई की और थोड़े ही समय में आग बुझा दी। एयरपोर्ट प्रशासन ने आगे बताया कि यह एक मामूली घटना थी, जिसमें न तो कोई घायल हुआ और न ही किसी प्रकार का नुकसान हुआ। हवाई अड्डे पर सभी सेवाएं सामान्य रूप से संचालित हो रही हैं। यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है।
गौरतलब है कि इससे पहले 11 सितंबर को भी ऐसी ही घटना हुई थी, जब दिल्ली से काठमांडू जा रही स्पाइसजेट की एक उड़ान के पिछले हिस्से में आग लग गई थी। उस विमान में 100 से अधिक यात्री सवार थे। लेकिन समय रहते दूसरी फ्लाइट के पायलट ने आग को देख लिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।






