राजधानी दिल्ली में लक्ष्मीबाई कॉलेज के पास 20 वर्षीय युवती पर हुए कथित एसिड हमले का मामला अब एक नया मोड़ ले चुका है। पुलिस ने इस केस में चौंकाने वाला खुलासा करते हुए पीड़िता के पिता अकील को गिरफ्तार किया है।
उत्तर-पश्चिम दिल्ली के अशोक क्षेत्र में 26 अक्तूबर को हुई इस घटना की जांच में कई ऐसे सबूत सामने आए हैं जो पीड़िता के बयान से मेल नहीं खाते। जब पुलिस ने लड़की के पिता अकील से पूछताछ की, तो उसने स्वीकार किया कि उसने खुद ही आरोपी को फंसाने के लिए एसिड हमले की साजिश रची थी। अकील ने यह भी बताया कि उसका ईशान और अरमान नामक दो लोगों से विवाद चल रहा था, जिन्हें उसने झूठे आरोप में फंसाने की कोशिश की। पुलिस ने अब अकील और लड़की के चाचा दोनों को गिरफ्तार कर लिया है और उनसे पूछताछ जारी है।
दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (कानून-व्यवस्था) रवींद्र सिंह यादव ने बताया कि शुरुआती जांच में यह पूरा मामला झूठा पाया गया। जिन लोगों पर हमले का आरोप लगाया गया था, वे घटना स्थल पर मौजूद ही नहीं थे। जांच में यह भी सामने आया कि यह पूरी साजिश लड़की के पिता अकील खान को एक अन्य मामले से बचाने के लिए रची गई थी। दरअसल, अकील पर दो दिन पहले एक महिला ने यौन उत्पीड़न और ब्लैकमेल का आरोप लगाया था। इसी कारण उसने उस महिला के पति को फंसाने के लिए एसिड हमले की यह कहानी गढ़ी। पुलिस के अनुसार, शिकायत में जिन लोगों के नाम शामिल थे, उनका परिवार अकील के साथ ज़मीन को लेकर विवाद में था। इसी प्लॉट विवाद से जुड़ी रंजिश के चलते यह साजिश रची गई। पुलिस ने अकील खान को यौन शोषण और ब्लैकमेल के आरोप में गिरफ्तार कर लिया है। अधिकारियों का कहना है कि युवती का इलाज जारी है और उसके स्वास्थ्य में सुधार के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






