दिल्ली में प्रदूषण की स्थिति लगातार बिगड़ती जा रही है। आज सुबह राष्ट्रीय राजधानी के कई इलाकों में वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई ) 400 के पार पहुंच गया। एक बार फिर दिल्ली की हवा जहरीली हो चुकी है। वजीरपुर, बवाना और रोहिणी जैसे इलाके सबसे अधिक प्रदूषित दर्ज किए गए हैं। सुबह के समय पूरी दिल्ली घने धुंध की परत में लिपटी दिखाई दी, जिससे दृश्यता पर भी गहरा असर पड़ा।
दिल्ली का औसत AQI 372
सुबह 6:30 बजे तक के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का औसत एक्यूआई 372 रहा। सबसे प्रदूषित क्षेत्र वजीरपुर (425), बवाना (410), रोहिणी (409), आरके पुरम (418) और द्वारका (401) रहे। इन इलाकों में वायु प्रदूषण का स्तर खतरनाक श्रेणी में बना हुआ है। दिल्ली-एनसीआर के अन्य शहरों में भी स्थिति चिंताजनक है, फरीदाबाद में AQI 312, गुरुग्राम में 325, ग्रेटर नोएडा में 308, गाजियाबाद में 322 और नोएडा में 301 दर्ज किया गया।
विजिबिलिटी घटी, हवा सुस्त
दिल्ली के सफदरजंग स्थित मुख्य मौसम केंद्र ने बताया कि कोहरे और धुंध के मिश्रण के कारण विजिबिलिटी सफदरजंग में केवल 900 मीटर और पालम में 1,300 मीटर दर्ज की गई। इससे पहले भी दिल्ली-एनसीआर की हवा ‘बेहद खराब’ श्रेणी में थी, जब शनिवार रात को AQI 303 अंक दर्ज किया गया था। हवाओं की गति मात्र 4 किलोमीटर प्रति घंटा रहने से प्रदूषण और धुआं जमा होता गया, जिसके चलते दृश्यता में और गिरावट आई।




