अफगानिस्तान में सोमवार सुबह 6.3 तीव्रता का भूकंप आया, जिसमें अब तक कम से कम 10 लोगों की मौत हो गई है और 250 से अधिक लोग घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि इस भूकंप से बल्ख प्रांत की राजधानी मजार-ए-शरीफ शहर को सबसे ज्यादा नुकसान पहुंचा है, जबकि समंगन प्रांत में भी व्यापक तबाही हुई है।
अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार, भूकंप का केंद्र मजार-ए-शरीफ से लगभग 28 किलोमीटर गहराई में स्थित था। इस शहर की आबादी करीब 5.23 लाख है। समंगन प्रांत के स्वास्थ्य विभाग के प्रवक्ता समीम जॉयंदा ने बताया कि मृतकों और घायलों की संख्या सोमवार सुबह तक अस्पतालों से मिली रिपोर्ट पर आधारित है। यूएसजीएस ने अपनी पेजर प्रणाली के तहत ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, जिसमें कहा गया है कि भारी जनहानि की संभावना है और आपदा का प्रभाव व्यापक हो सकता है। इस स्तर का अलर्ट आमतौर पर क्षेत्रीय या राष्ट्रीय स्तर की प्रतिक्रिया की आवश्यकता बताता है। बल्ख प्रांत के प्रवक्ता हाजी जैद के अनुसार, मजार-ए-शरीफ की प्रसिद्ध नीली मस्जिद (ब्लू मस्जिद) का एक हिस्सा भी भूकंप में क्षतिग्रस्त हो गया है। वहीं, राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन एजेंसी ने बताया कि हताहतों और नुकसान का विस्तृत ब्यौरा बाद में जारी किया जाएगा। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा वीडियो में राहतकर्मियों को मलबे में दबे लोगों को बचाते हुए देखा गया है।
गौरतलब है कि अफगानिस्तान पहले भी कई विनाशकारी भूकंप झेल चुका है। अगस्त में आए भूकंप और उसके बाद के झटकों में हजारों लोगों की जान गई थी। भूकंप के लिहाज से यह देश बेहद संवेदनशील क्षेत्र में स्थित है। वर्ष 2015 में आए भूकंप में अफगानिस्तान और उत्तरी पाकिस्तान में सैकड़ों लोगों की मौत हुई थी, जबकि 2023 में आए एक और भूकंप में एक हजार से अधिक लोगों की जान चली गई थी।
अफगानिस्तान में 6.3 तीव्रता का भूकंप, 10 लोगों की मौत, 250 से अधिक घायल





