
पाकिस्तान के सुप्रीम कोर्ट के बेसमेंट में मंगलवार को एक भीषण धमाका हुआ, जिसमें 12 लोग घायल हो गए। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, यह विस्फोट कोर्ट के कैफेटेरिया में गैस सिलेंडर फटने से हुआ, जिसकी तीव्रता इतनी अधिक थी कि पूरी इमारत हिल गई। धमाके के बाद परिसर में अफरा-तफरी और दहशत फैल गई, जिसके चलते अदालत की कार्यवाही तत्काल स्थगित कर दी गई। घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से कुछ की हालत गंभीर बताई जा रही है।
पाकिस्तानी मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट के बेसमेंट में मौजूद कैंटीन में सुबह करीब 10:55 बजे यह हादसा हुआ। इस्लामाबाद के महानिरीक्षक अली नासिर रिजवी ने बताया कि धमाके के वक्त कुछ लोग एसी प्लांट के पास रखरखाव का कार्य कर रहे थे। उसी दौरान गैस रिसाव के कारण सिलेंडर में विस्फोट हो गया। इस घटना में एसी तकनीशियनों को सबसे गंभीर चोटें आई हैं, जिनमें एक व्यक्ति का लगभग 80 प्रतिशत शरीर जल गया है। धमाके की आवाज इतनी जोरदार थी कि पूरा कोर्ट परिसर गूंज उठा और सभी वकीलों व कर्मचारियों को तुरंत इमारत से बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। एक्सप्रेस ट्रिब्यून की एक रिपोर्ट के अनुसार, विस्फोट के कारण कोर्ट नंबर 6 को भारी नुकसान पहुंचा है। घटना का एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें सुप्रीम कोर्ट की इमारत को हुए नुकसान की झलक दिखाई दे रही है। प्रशासन ने पूरे परिसर की घेराबंदी कर जांच शुरू कर दी है, जबकि अधिकारियों का कहना है कि प्रारंभिक जांच में यह हादसा गैस लीकेज का परिणाम प्रतीत होता है।






