मिर्जापुर जिले में बुधवार की सुबह एक दर्दनाक हादसा सामने आया। यहां ट्रेन की चपेट में आने से छह लोगों की मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि शवों के टुकड़े बिखर गए।
जानकारी के अनुसार, उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर जिले के चुनार रेलवे स्टेशन पर बुधवार सुबह यह हादसा हुआ। यात्री गोमो-प्रयागराज एक्सप्रेस से उतरकर लाइन पार कर रहे थे, तभी प्लेटफॉर्म नंबर तीन से गुजर रही कालका मेल ट्रेन की चपेट में आ गए। घटना में छह लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। सभी यात्री कार्तिक पूर्णिमा के अवसर पर गंगा स्नान के लिए आए थे। हादसे के बाद जीआरपी और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और शवों को रेलवे लाइन से हटाकर पहचान की प्रक्रिया शुरू की गई। मृतकों की पहचान सविता (28) पत्नी राजकुमार निवासी कमरिया थाना राजगढ़, साधना (16) पुत्री विजय शंकर बिंद, शिव कुमारी (12) पुत्री विजय शंकर, अप्पू देवी (20) पुत्री श्याम प्रसाद, सुशीला देवी (60) पत्नी स्व. मोतीलाल निवासी महुआरी थाना पड़री तथा कलावती देवी (50) पत्नी जनार्दन यादव निवासी बसवा थाना कर्मा सोनभद्र के रूप में हुई है। घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी ऑपरेशन मनीष कुमार मिश्रा और अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने हादसे पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताते हुए अधिकारियों को राहत और बचाव कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। साथ ही घायलों के बेहतर इलाज की व्यवस्था सुनिश्चित करने के आदेश भी दिए गए हैं। कैबिनेट मंत्री अनुप्रिया पटेल ने भी इस हृदय विदारक घटना पर शोक जताया। उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा कि “मिर्जापुर के चुनार रेलवे स्टेशन की दर्दनाक दुर्घटना से मन अत्यंत व्यथित है। अधिकारियों को राहत कार्य में तेजी लाने और घायलों के समुचित उपचार के निर्देश दिए गए हैं। इस दुखद घड़ी में मेरी संवेदनाएं पीड़ित परिवारों के साथ हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को शांति प्रदान करें।”
यूपी: मिर्जापुर में कालका मेल की चपेट में आने से छह श्रद्धालुओं की मौत;




