रूसी लड़ाकू विमान Su-30 एक प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। यह हादसा फिनलैंड की सीमा के पास हुआ, जिसमें दो पायलटों की मौत हो गई। रूसी रक्षा मंत्रालय के अनुसार, गुरुवार शाम करेलिया क्षेत्र में नियमित प्रशिक्षण मिशन पर निकला Su-30 विमान अचानक क्रैश हो गया, जिससे उसके दोनों चालक दल के सदस्य मारे गए। रूसी समाचार एजेंसी द्वारा जारी मंत्रालय के बयान में बताया गया कि मास्को समयानुसार शाम लगभग 7 बजे करेलिया में Su-30 विमान निर्धारित प्रशिक्षण उड़ान के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ। विमान में कोई हथियार नहीं था और वह घने जंगलों वाले निर्जन इलाके में गिरा।
घटनास्थल पर भेजी गई आपातकालीन टीमें
करेलिया के क्षेत्रीय गवर्नर आर्टुर परफ़ेनचिकोव ने जानकारी दी कि संभावित दुर्घटनास्थल पर आपातकालीन सेवाओं को तत्काल रवाना किया गया है। उन्होंने अपने टेलीग्राम चैनल पर लिखा कि प्रियोनेज़्स्की जिले में सैन्य विमान के गिरने की सूचना मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने टीमें भेज दी हैं। बाद में गवर्नर ने पुष्टि की कि दुर्घटना स्थल घने जंगलों के बीच था, इसलिए जमीन पर किसी प्रकार की क्षति या जनहानि नहीं हुई।






