
उज्जैन में आरएसएस के पथ संचलन का स्वागत करने पर वक्फ बोर्ड के चेयरमैन और डायरेक्टर को सोशल मीडिया पर “गर्दन काटने” जैसी घोर धमकी दिए जाने के बाद पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मध्य प्रदेश वक्फ बोर्ड के चेयरमैन डॉ. सनवर पटेल और डायरेक्टर फैजान खान को इंस्टाग्राम पर आपत्तिजनक टिप्पणियों के साथ गंभीर जानलेवा धमकियाँ मिलने के बाद पुलिस ने आरोपी दो युवकों पर बीएनएस 2023 की धारा 296A, 351(3) और 351(4) के तहत प्रकरण दर्ज किया है। ‘taj.ansari.3110’ और ‘faizal khan baba’ नामक इंस्टाग्राम IDs से धार्मिक भावनाएँ भड़काने वाली भाषा और ‘गर्दन काटने’ जैसी धमकी भरे संदेश पोस्ट किए गए थे।
एक टिप्पणी में आरोपियों ने लिखा, “तू है, तू जिंदगी में मुनाफ़िक है… इंशाअल्लाह कल मुस्लिम मेजॉरिटी आएगी, और सबसे पहले तुम्हारी गर्दन उड़ाई जाएगी।”
डायरेक्टर फैजान खान ने 11 अक्टूबर को थाना महाकाल में शिकायत दर्ज कराई थी। जांच एएसआई शंकरलाल कनोजे को सौंपी गई। प्रारंभिक जांच में दोनों इंस्टाग्राम अकाउंटों से की गई धमकीभरी टिप्पणियों की पुष्टि होने पर पुलिस ने दोनों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। वक्फ बोर्ड चेयरमैन डॉ. सनवर पटेल, जिन्हें राज्य मंत्री का दर्जा प्राप्त है, सामाजिक और धार्मिक सद्भाव को बढ़ावा देने वाले कार्यक्रमों में सक्रिय रहते हैं। आरएसएस के स्थापना दिवस पर 5 अक्टूबर को निकाले गए पथ-संचलन का बोर्ड द्वारा स्वागत किए जाने और उसके वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जाने के बाद से ही उन्हें और डायरेक्टर को लगातार आपत्तिजनक टिप्पणियाँ और धमकियाँ मिल रही थीं।
आरोपियों की तलाश जारी
पुलिस ने दोनों नामजद युवकों की गिरफ्तारी के लिए तलाश शुरू कर दी है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस मामले में किसी अन्य व्यक्ति की संलिप्तता तो नहीं है। अधिकारियों का कहना है कि मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए कार्रवाई तेज कर दी गई है।






