
राजस्थान के बीकानेर स्थित न्यायालय परिसर को बम से उड़ाने की धमकी भरा ई-मेल मिलने के बाद गुरुवार को हड़कंप की स्थिति पैदा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन अलर्ट हो गया तथा एहतियात के तौर पर पूरे कोर्ट परिसर को खाली करवाया गया। इसके साथ ही सुरक्षा एजेंसियों ने इलाके में व्यापक तलाशी अभियान शुरू कर दिया। गुरुवार सुबह जैसे ही बीकानेर कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने की खबर सामने आई, न्यायालय परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। प्रशासन ने तुरंत कार्रवाई करते हुए सुरक्षा के मद्देनजर परिसर में मौजूद लोगों को बाहर निकलने के निर्देश दिए।
ई-मेल के जरिए दी गई धमकी
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार किसी अज्ञात व्यक्ति ने ई-मेल भेजकर बीकानेर कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और एहतियाती कदम उठाते हुए अधिवक्ताओं, पक्षकारों तथा कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू की गई। घटना की सूचना मिलते ही एडीएसपी चक्रवती सिंह राठौड़ भी मौके पर पहुंचे और सुरक्षा व्यवस्था का निरीक्षण किया। वहीं बार एसोसिएशन के अध्यक्ष अजय पुरोहित ने सभी अधिवक्ताओं और न्यायिक कर्मचारियों से अपील की कि वे तुरंत अदालत परिसर खाली कर सुरक्षित स्थान पर चले जाएं।
परिसर में चलाया जा रहा तलाशी अभियान
बार अध्यक्ष अजय पुरोहित ने बताया कि अदालत को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के कारण सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। ऐसे में सभी लोगों को तत्काल परिसर खाली करने के लिए कहा गया है। साथ ही जो अधिवक्ता अभी कोर्ट नहीं पहुंचे हैं, उन्हें फिलहाल घर पर ही सुरक्षित रहने की सलाह दी गई है। पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां पूरे न्यायालय परिसर में गहन तलाशी अभियान चला रही हैं और मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है।






