मध्य प्रदेश में झुग्गी बस्तियों को हटाकर उनके स्थान पर फ्लैट और मल्टीस्टोरी इमारतें बनाई जा रही हैं। इस योजना की शुरुआत राजधानी भोपाल से की जा रही है। भोपाल और उसके आसपास लगभग 400 झुग्गी बस्तियां हैं, जिन्हें हटाकर वहां रहने वालों को पक्के मकान दिए जाएंगे।
राजधानी को पूरी तरह झुग्गी मुक्त बनाने की दिशा में अहम कदम उठाते हुए भोपाल के कलेक्टर कौशलेन्द्र विक्रम सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित की गई। इसमें स्लम पुनर्वास योजना के तहत नागरिकों को पक्के मकान उपलब्ध कराने की रणनीतियों पर चर्चा हुई। तय किया गया कि सबसे पहले अरेरा हिल्स वल्लभ भवन के पास भीम नगर-वल्लभ नगर के झुग्गीवासियों को पक्के मकान बनाकर दिए जाएंगे, जिसके बाद उस स्थान को खाली कराया जाएगा।
नगर निगम ने भोपाल जिले की झुग्गियों की पहचान और सर्वेक्षण के लिए जिले को 9 क्लस्टरों में बांटने की योजना बनाई है। पहले चरण में वल्लभ भवन के आसपास की झुग्गियों का सर्वेक्षण पूरा हो चुका है। इन झुग्गीवासियों को पीपीपी मॉडल के तहत पक्के मकान प्रदान किए जाएंगे। योजना को तेजी से पूरा करने के लिए भोपाल कलेक्टर ने नगर निगम को निर्देश दिया है कि एक सप्ताह के भीतर प्रोजेक्ट की डीपीआर, डिजाइन, पॉलिसी, एस्टीमेट और टेंडर की शर्तें तैयार की जाएं। निगमायुक्त हरेंद्र नारायण ने बताया कि झुग्गियों की पहचान और सर्वेक्षण कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू कर दिया गया है।
मध्यप्रदेश की राजधानी भोपाल में झुग्गी बस्तियों को हटाकर मल्टीस्टोरीज बनाएगी सरकार






