जोधपुर–जैसलमेर हाईवे पर बालेसर थाना क्षेत्र में रविवार सुबह एक भीषण सड़क दुर्घटना हो गई, जिसमें रामदेवरा दर्शन के लिए जा रहे 20 श्रद्धालुओं को ले जा रहा टेंपो एक ट्रक से टकरा गया। इस दर्दनाक हादसे में 6 श्रद्धालुओं की मौत हो गई, जबकि 14 लोग घायल बताए जा रहे हैं।
राष्ट्रीय राजमार्ग पर तड़के हुए इस हादसे में श्रद्धालुओं से भरा टेंपो सामने से तेज रफ्तार में आ रहे ट्रक से भिड़ गया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टेंपो का आगे का हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और ट्रक भी कुछ दूर जाकर पलट गया। मृतक और घायल सभी गुजरात के साबरकांठा जिले के निवासी बताए जा रहे हैं। घायलों का इलाज जोधपुर के एमडीएम अस्पताल में चल रहा है। यह दुर्घटना सुबह लगभग 5:30 बजे एनएच-125 पर खारी बेरी गांव के पास हुई। बालेसर थाना प्रभारी मूल सिंह भाटी के अनुसार, बाजरे की बोरियों से भरा ट्रक तेज गति के कारण अनियंत्रित हो गया और सामने से आ रहे टेंपो से जा टकराया। टेंपो में आगे बैठे महेंद्र ने बताया कि सभी श्रद्धालु गुजरात के साबरकांठा से रामदेवरा के दर्शन के लिए निकले थे। हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो ने जोधपुर में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। दुर्घटना के तुरंत बाद हाईवे से गुजर रहे राहगीरों और वाहन चालकों ने घायलों की मदद की और पुलिस तथा एंबुलेंस को सूचना दी।
बालेसर, आगोलाई और हाईवे सेवा की कुल तीन एंबुलेंस मौके पर पहुंचीं और घायलों को पहले बालेसर सीएचसी ले जाया गया। वहां से प्राथमिक उपचार के बाद सभी को जोधपुर रेफर किया गया। पुलिस ने मृतकों के शवों को बालेसर सीएचसी की मोर्चरी में रखवा दिया है और ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में अफरा-तफरी का माहौल बन गया था। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।






