महाराष्ट्र के वसई से एक बेहद दुखद मामला सामने आया है। आरोप है कि स्कूल में 10 मिनट देर से पहुंचने पर एक शिक्षक ने 13 वर्षीय छात्रा को बैग कंधे पर लटकाकर 100 उठक-बैठक करने की सजा दी। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इतनी भारी सजा के कारण छात्रा की तबीयत बिगड़ गई और उसे अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। पुलिस ने इस घटना को लेकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
रिपोर्ट्स बताती हैं कि घटना 8 नवंबर की है। वसई स्थित श्री हनुमंत विद्या मंदिर में कक्षा 6 में पढ़ने वाली काजल गौड़ देर से पहुंची थी, जिसके चलते शिक्षक ने उसे सौ उठक-बैठक लगाने को कहा। सजा पूरी करने के बाद काजल की कमर में तेज दर्द शुरू हो गया। काजल की मां ने बताया कि स्कूल से लौटने के बाद बच्ची ने अपनी तबीयत खराब होने की शिकायत की। इसके बाद उसे वसई के एक अस्पताल ले जाया गया, जहां से उसे दूसरे अस्पताल में शिफ्ट किया गया और अंत में जेजे अस्पताल में भर्ती कराया गया। शुक्रवार को इलाज के दौरान जेजे अस्पताल में उसकी मौत हो गई।
मां की शिकायत पर मामला दर्ज
काजल की मां ने शिक्षक और स्कूल प्रशासन को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराते हुए पुलिस में शिकायत दी है। फिलहाल पुलिस ने दुर्घटनावश मौत का मामला दर्ज किया है, हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद धाराएं बदली जा सकती हैं। घटना की जानकारी मिलते ही मनसे कार्यकर्ता भी सक्रिय हो गए और उन्होंने स्कूल पहुंचकर वहां ताला लगा दिया। वहीं, एनसीपी एसपी नेताओं ने भी स्कूल प्रशासन के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।




