अनंतनाग पुलिस ने रविवार रात डॉ. खालिद अज़ीज़ के घर पर छापेमारी की और वहाँ किरायेदार के रूप में रह रही हरियाणा की महिला डॉक्टर का मोबाइल फोन और सिम कार्ड ज़ब्त कर लिया। जम्मू-कश्मीर के अनंतनाग ज़िले में चल रही व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल की जांच के तहत काउंटर इंटेलिजेंस कश्मीर (सीआईके) की टीम ने मलखनाग इलाके में स्थित इस घर की तलाशी ली। तलाशी के दौरान टीम को घर में रह रही महिला डॉक्टर मिली, जिसके मोबाइल फोन को जब्त कर फोरेंसिक जांच के लिए भेज दिया गया है।
उधर, इसी मामले में पूछताछ के दौरान पुलिस हिरासत में रखे गए ड्राई फ्रूट व्यापारी बिलाल अहमद वानी ने काजीगुंड क्षेत्र में खुद को आग लगाने की कोशिश की। अधिकारियों के अनुसार, बिलाल को तुरंत जीएमसी अनंतनाग ले जाया गया, जहाँ उसका इलाज चल रहा है और उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। बिलाल का बेटा, जसिर बिलाल, अभी भी पुलिस हिरासत में पूछताछ का सामना कर रहा है। बिलाल अहमद, डॉक्टर मुज़फ्फर राथर का पड़ोसी है, जो इस ‘व्हाइट कॉलर टेरर मॉड्यूल’ का मुख्य आरोपी माना जा रहा है। मुज़फ्फर के अफगानिस्तान में छिपे होने की आशंका है, जबकि उसका छोटा भाई, डॉक्टर अदील राथर, 6 नवंबर को उत्तर प्रदेश के सहारनपुर से गिरफ्तार किया जा चुका है।
जम्मू-कश्मीर: अनंतनाग में आधी रात को डॉक्टर के आवास पर पुलिस का छापा, हरियाणा की डॉक्टर का मोबाइल जब्त






