
गुजरात के गोधरा में एक दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के चार सदस्यों की आग लगने से मौत हो गई। मृतकों में कमल दोशी, उनकी पत्नी और उनके दो बेटे शामिल हैं। प्रारंभिक जांच में आग का कारण एसी में आया शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।
सूत्रों के मुताबिक यह हादसा गोधरा के वृंदावन नगर-2 क्षेत्र में हुआ, जहां घर में अचानक लगी आग से उठे धुएं के कारण परिवार के सभी सदस्यों की सांस रुक गई और उनकी मौत हो गई। जानकारी के अनुसार, घटना 21 नवंबर की सुबह लगभग सात बजे हुई जब घर के ग्राउंड फ्लोर पर रखे सोफ़े में अचानक आग भड़क उठी। देखते ही देखते धुआं पूरे घर में फैल गया और सो रहे सभी लोगों की सांस रुक गई।
ए डिविजन पुलिस स्टेशन के अधिकारी आरएम वसैया ने बताया कि हादसे के समय पूरा परिवार सो रहा था और धुएं के कारण वे संभल नहीं पाए। मृतकों में जौहरी कमल दोशी (50), उनकी पत्नी देवलबेन (45), और उनके दो बेटे देव (24) और राज (22) शामिल हैं। जानकारी यह भी मिली है कि दोशी परिवार अपने बेटे की सगाई की तैयारी में व्यस्त था और उन्हें इसी शुक्रवार को वापी जाना था। पुलिस अधिकारी ने आगे बताया कि शुरुआती जांच में यह स्पष्ट हुआ है कि आग लकड़ी के फर्नीचर से फैली और उसका कारण ग्राउंड फ्लोर पर लगा स्प्लिट एसी का शॉर्ट सर्किट था। सभी की मौत दम घुटने से हुई, जबकि एक व्यक्ति के शरीर पर जलने के निशान भी पाए गए हैं। आग की सूचना मिलते ही फायर बिग्रेड की टीम मौके पर पहुंची। जब दरवाजा तोड़कर अंदर प्रवेश किया गया, तो सभी चार लोग बेहोशी की हालत में मिले। उन्हें तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।






