बांग्लादेश में आज सुबह 10 बजकर 08 मिनट पर भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए हैं। रिक्टर स्केल पर इसकी तीव्रता 5.5 दर्ज की गई है। भूकंप का केंद्र नरसिंगडी के आसपास रहा। शुरुआती रिपोर्टों के अनुसार अब तक तीन लोगों के हताहत होने की जानकारी सामने आई है।
पश्चिम बंगाल में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए। अमेरिकी भूगर्भीय सर्वेक्षण (यूएसजीएस) के अनुसार इसका केंद्र बांग्लादेश के नरसिंगडी के पास था। फिलहाल बड़े पैमाने पर किसी तरह के नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है। वहीं समाचार एजेंसी रॉयटर्स ने बताया है कि बांग्लादेश में तीन लोगों की मौत हुई है और कुछ लोग घायल हुए हैं। स्थानीय प्रशासन ने अभी आधिकारिक आंकड़े जारी नहीं किए हैं और स्थिति से जुड़ी जानकारियां लगातार अपडेट हो रही हैं। ढाका के कुछ आवासीय इलाकों में इमारतों को नुकसान पहुंचने की खबर है। प्रभावित क्षेत्रों में राहत और बचाव दल सक्रिय हो गए हैं और रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है। खबर लिखे जाने तक किसी और नई मौत की पुष्टि नहीं हुई है। डेली स्टार की एक रिपोर्ट में बताया गया है कि बांग्लादेश ओपन यूनिवर्सिटी के पूर्व कुलपति और भूविज्ञान विभाग के पूर्व अध्यक्ष प्रोफेसर सैयद हुमायूं अख्तर ने इस भूकंप को हाल के वर्षों में महसूस किए गए सबसे तेज झटकों में से एक बताया है।
पश्चिम बंगाल में दहशत
शुक्रवार सुबह 10 बजकर 09 मिनट पर कोलकाता सहित उत्तर और दक्षिण बंगाल के कई जिलों में भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक करीब 18 सेकंड तक कंपन जारी रहा, जिससे कई लोग घबराकर घरों और इमारतों से बाहर निकल आए। सूत्रों के अनुसार कोलकाता के साथ-साथ सिलीगुड़ी, जलपाईगुड़ी, कोचबिहार, मालदा और दक्षिण दिनाजपुर में भी कंपन दर्ज किए गए। भूकंप के समय ऑफिस खुलने का समय होने की वजह से कई बहुमंजिला इमारतों और दफ्तरों को सावधानी के तौर पर खाली कराया गया। सड़क किनारे बड़ी संख्या में लोग खुले स्थानों में जमा हो गए। प्रशासन हालात पर नजर बनाए हुए है और अब तक किसी बड़े नुकसान की पुष्टि नहीं हुई है।






