
पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू की
शिवपुरी जिले के करैरा क्षेत्र में गुरुवार को एक तेज रफ्तार थार वाहन के कारण गंभीर सड़क हादसा हो गया। आरोप है कि करैरा विधायक प्रीतम लोधी के पुत्र दिनेश लोधी जिम जाते समय लापरवाहीपूर्वक वाहन चला रहे थे, इसी दौरान उनकी गाड़ी ने बाइक पर सवार तीन मजदूरों और सड़क पर पैदल जा रही दो महिलाओं को टक्कर मार दी। इस हादसे में सभी पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में शामिल आशीष परिहार और अंशुल परिहार ने बताया कि वाहन दिनेश लोधी चला रहे थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि गाड़ी के आगे-पीछे विधायक प्रीतम लोधी का नाम अंकित था। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना के बाद दिनेश लोधी ने घायलों से बहस की और उन्हें धमकाने की कोशिश भी की। मौके पर मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने घटना का वीडियो बनाते हुए जब गाड़ी के ब्रेक को लेकर सवाल किया, तो दिनेश लोधी ने जवाब दिया कि वह लगातार हॉर्न दे रहे थे, इसके बावजूद बाइक पर तीन लोग बैठकर लापरवाही से चल रहे थे। वहीं, पैदल चल रहे लोगों को टक्कर मारने के सवाल पर उन्होंने वीडियो बनाने से मना करते हुए कैमरा बंद करा दिया। घटना के बाद विधायक प्रीतम लोधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म फेसबुक पर अपने बेटे के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। उन्होंने लिखा कि उनके लिए परिवार से अधिक जनता महत्वपूर्ण है और पुलिस प्रशासन को पीड़ितों को न्याय दिलाना चाहिए। पुलिस ने मामले में आरोपी दिनेश लोधी के खिलाफ अपराध क्रमांक 255/26 के तहत भारतीय न्याय संहिता की धारा 281 और 125(ए) में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल मामले की जांच जारी है।






