
बॉलीवुड के मशहूर अभिनेता धर्मेंद्र का 89 वर्ष की आयु में निधन हो गया है। वे पिछले कई दिनों से स्वास्थ्य समस्याओं से जूझ रहे थे और आज उन्होंने अंतिम सांस ली।
‘ही-मैन’ के नाम से मशहूर धर्मेंद्र के जाने से देओल परिवार के साथ-साथ पूरे फिल्म इंडस्ट्री में शोक की लहर दौड़ गई है। बताया जा रहा है कि वे कुछ समय तक मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती रहे थे, जिसके बाद उन्हें घर ले जाया गया था और वहीं उनका इलाज जारी था। फिल्ममेकर करण जौहर ने सोशल मीडिया के जरिए उनके निधन की पुष्टि की है।
बताया जा रहा है कि उनकी पत्नी हेमा मालिनी और बेटी ईशा देओल उनके 90वें जन्मदिन की तैयारियों में जुटी थीं, पर उससे पहले ही यह दुखद घटना हो गई। धर्मेंद्र के निधन की खबर जैसे ही सामने आई, सोशल मीडिया पर उनके प्रशंसक गहरे सदमे में आ गए। किसी को यकीन नहीं हो रहा है कि महान अभिनेता अब हमारे बीच नहीं रहे। हाल ही में उन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया था और 12 नवंबर को उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया था। परिवार ने बताया था कि वे धीरे-धीरे ठीक हो रहे हैं, लेकिन सोमवार सुबह घर के बाहर एम्बुलेंस देखी गई और इसके बाद उनके निधन की खबर की पुष्टि हुई। ईशा देओल को भी घर पहुंचते देखा गया, जिसके बाद खबर तेजी से फैल गई।
धर्मेंद्र के घर के बाहर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है और वहां से लगातार वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आ रही हैं। कुछ दिन पहले भी उनकी तबीयत को लेकर अफवाहें फैली थीं, तब परिवार ने स्पष्ट किया था कि वे स्वस्थ हैं और ठीक हो रहे हैं। लेकिन अब अंतिम संस्कार से जुड़े वीडियो भी सोशल मीडिया पर दिखाई देने लगे हैं।







