भारत में सबसे लंबे समय तक चले हाईजैक पर आधारित सीरीज ‘आईसी 814: द कंधार हाईजैक’ 29 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर रिलीज हो रही है। इस सीरीज में नसीरुद्दीन शाह, विजय वर्मा, पंकज कपूर और कुमुद मिश्रा जैसे दिग्गज कलाकार नजर आएंगे।
अनुभव सिन्हा द्वारा निर्देशित यह सीरीज 1999 में हुए कंधार विमान हाईजैक की सच्ची घटना पर आधारित है। 24 दिसंबर 1999 को नेपाल से दिल्ली जा रहे भारतीय विमान को हाईजैक कर लिया गया था, और यात्रियों को सात दिनों तक बंधक बनाकर रखा गया था। विमान को दिल्ली की बजाय कंधार ले जाया गया, और इस घटना ने न केवल भारत बल्कि पूरी दुनिया में सनसनी मचा दी थी।
24 दिसंबर 1999 को इंडियन एयरलाइंस का विमान आईसी 814 काठमांडू से नई दिल्ली के लिए उड़ान भर रहा था। विमान में 176 यात्री और 15 क्रू मेंबर सवार थे। कुछ हाईजैकर्स यात्रियों के वेश में विमान में चढ़े थे और जैसे ही विमान भारतीय वायुसीमा में दाखिल हुआ, उन्होंने विमान को अपने कब्जे में ले लिया। बंदूकों से लैस हाईजैकर्स ने यात्रियों और चालक दल को धमकाते हुए विमान को पाकिस्तान की ओर मोड़ दिया। विमान हाईजैक की खबर मिलते ही भारत सरकार में हलचल मच गई, और यात्रियों के परिवार और पूरा देश चिंता में डूब गया।
इस घटना की गूंज पूरी दुनिया में सुनाई दी, क्योंकि विमान में कुछ विदेशी यात्री भी सवार थे। हाईजैक विमान कुछ देर के लिए अमृतसर में रुका और फिर लाहौर के लिए रवाना हो गया। बाद में विमान को बिना अनुमति लाहौर में उतारा गया। अगले दिन विमान लाहौर से दुबई और फिर कंधार ले जाया गया। दुबई में एक यात्री और 27 अन्य यात्रियों को, जिनमें महिलाएं और बच्चे शामिल थे, छोड़ दिया गया। इसके बाद हाईजैकर्स ने भारतीय जेलों में बंद आतंकवादियों की रिहाई और 200 मिलियन अमेरिकी डॉलर की फिरौती की मांग की।
भारत सरकार के समक्ष यात्रियों की सुरक्षा का सवाल था, और अंततः उन्हें आतंकवादियों की रिहाई के लिए मजबूर होना पड़ा। तीन आतंकियों मौलाना मसूद अजहर, अहमद उमर सईद शेख, और मुश्ताक अहमद जरगर को कंधार ले जाकर छोड़ा गया। 31 दिसंबर को समझौते के बाद सभी यात्रियों को रिहा कर दिया गया। तत्कालीन प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी ने इस राहत की खबर देशवासियों को दी।
इस ऐतिहासिक घटना पर आधारित यह सीरीज 29 अगस्त को नेटफ्लिक्स पर रिलीज होगी, जिसमें नसीरुद्दीन शाह, विजय वर्मा, दीया मिर्जा, पत्रलेखा, पंकज कपूर, और कुमुद मिश्रा जैसे सितारे दिखाई देंगे।
वेवसीरीज: ‘आईसी 814: द कंधार हाईजैक’





