
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा स्थापित सरकारी दक्षता विभाग (डीओजीई) को उनके दूसरे कार्यकाल की अवधि पूरी होने से आठ महीने पहले ही समाप्त कर दिया गया है। इस विभाग को सरकारी खर्च घटाने और प्रशासन को छोटा करने के उद्देश्य से बनाया गया था, लेकिन माना जा रहा है कि इससे अपेक्षित बचत नहीं हो सकी। जानकारी के अनुसार, डीओजीई की स्थापना जनवरी में की गई थी और इसे जुलाई 2026 तक संचालित किए जाने की योजना थी। शुरुआती महीनों में यह विभाग वॉशिंगटन की कई सरकारी एजेंसियों में सक्रिय था और उनके ढांचे और बजट में कटौती कर ट्रंप की नीतियों के अनुरूप बदलाव लाने की कोशिश कर रहा था। अमेरिकी कर्मचारियों के मामलों के प्रमुख स्कॉट कूपर ने बताया कि अब डीओजीई किसी केंद्रीय विभाग के रूप में मौजूद नहीं है और इसकी कुछ जिम्मेदारियाँ कार्मिक प्रबंधन कार्यालय (ओपीएम) को सौंप दी गई हैं।
महत्वपूर्ण पदों पर नई जिम्मेदारी
डीओजीई में नेतृत्व करने वाले कई अधिकारियों ने अब नई भूमिकाएँ संभाल ली हैं। उदाहरण के लिए, एयरबीएनबी के सह-संस्थापक जो गेबीआ अब राष्ट्रीय डिजाइन स्टूडियो का नेतृत्व कर रहे हैं, जहाँ वे सरकारी वेबसाइटों को अधिक उपयोगी और आकर्षक बनाने पर काम कर रहे हैं। इसी तरह, पूर्व कर्मचारी एडवर्ड कोरिस्टिन प्रशासन में नई भूमिका में कार्यरत हैं। ज़ैकरी टेरेल अब स्वास्थ्य और मानव सेवाएँ विभाग के मुख्य तकनीकी अधिकारी बन गए हैं, जबकि राचेल रिले नौसेना अनुसंधान कार्यालय में अपनी सेवाएँ दे रही हैं। हाल ही में डीओजीई ने दावा किया था कि उसने अरबों डॉलर की बचत की है, लेकिन इस बारे में आधिकारिक आंकड़े सार्वजनिक नहीं किए गए। एलन मस्क भी इस पहल के समर्थक रहे और उन्होंने इसे “ब्यूरोक्रेसी के लिए चेनसॉ” बताया था। गौरतलब है कि ट्रंप के दूसरे कार्यकाल की शुरुआत में सरकारी नियुक्तियों पर रोक लगा दी गई थी, जो अब हटाई जा चुकी है। वहीं उनकी टीम अब प्रशासनिक नियमों को सरल बनाने और कृत्रिम बुद्धिमत्ता की मदद से सरकारी प्रक्रियाओं की समीक्षा पर ध्यान दे रही है।





