विदेशी छात्रों को सार्वजनिक करने होंगे अपने सोशल मीडिया अकाउंट, सोशल मीडिया पोस्ट में अमेरिका, उसकी सरकार, कानून या संस्कृति के खिलाफ कोई सामग्री पाई जाती है, तो उसका वीजा आवेदन हो सकता है रद्द
अमेरिका में पढ़ाई का सपना देख रहे विदेशी छात्रों के लिए एक बार फिर वीजा प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अमेरिकी विदेश विभाग ने बुधवार को यह जानकारी दी कि वह छात्र वीजा के लिए आवेदन प्रक्रिया को फिर से शुरू कर रहा है, जो पहले निलंबित थी। हालांकि, इस बार कुछ नई शर्तें भी जोड़ी गई हैं।
विदेश विभाग के मुताबिक, अब वीजा के लिए आवेदन करने वाले छात्रों को अपने सोशल मीडिया अकाउंट सार्वजनिक करने होंगे, ताकि उनकी ऑनलाइन गतिविधियों की जांच की जा सके। यदि किसी के सोशल मीडिया पोस्ट में अमेरिका, उसकी सरकार, कानून या संस्कृति के खिलाफ कोई सामग्री पाई जाती है, तो उसका वीजा आवेदन रद्द किया जा सकता है।
जांच की अनुमति न देने पर आवेदन खारिज हो सकता है
विदेश विभाग द्वारा जारी नोटिस में बताया गया है कि मई में वीजा प्रक्रिया पर लगाए गए निलंबन को अब हटा लिया गया है। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि कोई छात्र अपने सोशल मीडिया अकाउंट सार्वजनिक नहीं करता या जांच की अनुमति नहीं देता है, तो उसके आवेदन को खारिज किया जा सकता है। विभाग का मानना है कि ऐसा न करना इस बात का संकेत हो सकता है कि छात्र अपनी ऑनलाइन गतिविधियां छिपाने की कोशिश कर रहा है।
हर छात्र की होगी गहन जांच
विभाग ने अपने बयान में स्पष्ट किया है कि अब कांसुलर अधिकारी हर छात्र और एक्सचेंज विज़िटर के आवेदन की गहराई से जांच करेंगे। छात्रों से कहा जाएगा कि वे अपने सभी सोशल मीडिया प्रोफाइल सार्वजनिक करें, ताकि अधिकारी यह सुनिश्चित कर सकें कि उनमें ऐसा कुछ तो नहीं जो अमेरिका विरोधी हो।
अधिकारियों को भेजे गए आंतरिक निर्देश में भी कहा गया है कि वे इस बात पर विशेष ध्यान दें कि छात्र ने कहीं अमेरिका या उसकी संस्कृति के खिलाफ कोई पोस्ट तो नहीं किया है।






