रूस के कामचटका प्रायद्वीप के पूर्वी तट के पास शनिवार को तेज भूकंप के झटके महसूस किए गए। इसकी तीव्रता अलग-अलग एजेंसियों ने 7 से अधिक दर्ज की है। भारत के नेशनल सेंटर फॉर सिस्मोलॉजी (NCS) ने इसे 7.1 मापा और बताया कि भूकंप सुबह 8 बजकर 7 मिनट पर आया। इसका केंद्र जमीन से लगभग 60 किलोमीटर गहराई में था।
जर्मन भूविज्ञान अनुसंधान केंद्र (GFZ) ने भूकंप की तीव्रता 7.1 और केंद्र की गहराई 10 किलोमीटर बताई, जबकि अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) ने इसे 7.4 तीव्रता का भूकंप बताते हुए केंद्र को 39.5 किलोमीटर गहराई में दर्ज किया। भूकंप का केंद्र पेट्रोपावलोव्स्क-कामचत्स्की से लगभग 112 किलोमीटर पूर्व में स्थित था। अमेरिकी एजेंसी ने चेतावनी दी है कि इस झटके से सुनामी का खतरा हो सकता है। हालांकि, अब तक किसी प्रकार के हताहत या संपत्ति के नुकसान की जानकारी सामने नहीं आई है। जुलाई 2025 में भी इसी क्षेत्र में 8.8 तीव्रता का भूकंप आया था, जिसके बाद प्रशांत महासागर के कई हिस्सों में सुनामी की चेतावनी दी गई थी।
रूस में 7 से अधिक तीव्रता का भूकंप; सुनामी की चेतावनी






