रूस के कजान शहर में एक बड़ा हमला हुआ है, जिसने दुनिया को अमेरिका के इतिहास में हुए भीषण 9/11 हमले की याद दिला दी है। कजान शहर में सीरियल ड्रोन अटैक किए गए हैं। ये हमले तीन हाई-राइज इमारतों पर हुए हैं, जिससे भारी नुकसान की खबरें सामने आ रही हैं। हालांकि, रूस का कहना है कि उन्होंने एक ड्रोन को मार गिराया है।
कजान की हाई-राइज इमारतों में हुए इस हमले की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किए जा रहे हैं। इनमें दिख रहा है कि अलग-अलग दिशाओं से आने वाले किलर ड्रोन इमारतों से टकरा रहे हैं और उसके बाद जोरदार धमाके हो रहे हैं। रूस ने इस हमले के लिए सीधे यूक्रेन को जिम्मेदार ठहराया है। रूसी रक्षा मंत्रालय ने ट्वीट कर कहा कि यह ड्रोन अटैक यूक्रेन की ओर से किया गया था।
रूस की तरफ से आ रही जानकारी के मुताबिक, इन इमारतों में लोग रह रहे थे। इसलिए इस हमले में जनहानि की संभावना से इनकार नहीं किया जा सकता। हालांकि, अब तक किसी की मौत की पुष्टि नहीं हुई है। हमले के बाद किसी और संभावित खतरे के मद्देनजर आसपास की हाई-राइज इमारतों को खाली करा लिया गया है। साथ ही, कजान के एयरपोर्ट पर उड़ानों को भी रोक दिया गया है।
रूस के रक्षा मंत्रालय ने दावा किया है कि उनके एयर डिफेंस सिस्टम ने कजान शहर के ऊपर एक यूक्रेनी ड्रोन को नष्ट कर दिया। वहीं, कजान के मेयर ऑफिस ने बताया कि ड्रोन हमले के कारण सोवेत्स्की, किरोव्स्की और प्रिवोलज्स्की जिलों में घरों में आग लग गई है। प्रभावित इलाकों में राहत कार्य जारी हैं, और लोगों को भोजन और रहने की सुविधाएं मुहैया कराई जा रही हैं।
इस हमले की चर्चा इसलिए भी हो रही है क्योंकि इसी साल 2024 में कजान शहर में 16वें ब्रिक्स सम्मेलन का आयोजन हुआ था, जिसमें संयुक्त अरब अमीरात, ईरान, मिस्र और इथियोपिया को सदस्य के रूप में शामिल किया गया था। इस हमले को 9/11 (वर्ल्ड ट्रेड सेंटर) हमले की तरह देखा जा रहा है।
रूस के कजान में हाई राइज बिल्डिंग से टकराया ड्रोन, हमले ने अमेरिका के 9/11 की याद दिलाई






