
पद पर रहते हुए ये उपलब्धि हासिल करने वाले पहले राष्ट्रपति बने ट्रंप
अमेरिका के इतिहास में पहली बार किसी मौजूदा राष्ट्रपति के हस्ताक्षर देश की मुद्रा पर नजर आएंगे। राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप इस उपलब्धि को हासिल करने वाले पहले राष्ट्रपति बन गए हैं, जिनके हस्ताक्षर पद पर रहते हुए अमेरिकी डॉलर पर अंकित होंगे। अमेरिकी ट्रेजरी ने देश की आजादी की 250वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में यह बड़ा फैसला लिया है। 1861 में डॉलर बिल की शुरुआत के बाद यह पहला मौका है, जब किसी वर्तमान राष्ट्रपति के हस्ताक्षर करेंसी पर शामिल किए जा रहे हैं। अमेरिकी ट्रेजरर ब्रैंडन बीच ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर जानकारी देते हुए बताया कि राष्ट्रपति डोनाल्ड जे. ट्रंप के हस्ताक्षर ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट के हस्ताक्षरों के साथ अमेरिकी नोटों पर दिखाई देंगे। उन्होंने इसे ऐतिहासिक कदम बताते हुए कहा कि यह राष्ट्रपति के नेतृत्व और देश के प्रति उनके समर्पण का प्रतीक है, जिसका प्रभाव लंबे समय तक देखने को मिलेगा। बीच ने आगे कहा कि इतिहास में ट्रंप की पहचान अमेरिका के ‘स्वर्ण युग’ के आर्थिक सुधारों के निर्माता के रूप में की जाएगी और ऐसे में मुद्रा पर उनके हस्ताक्षर होना उपयुक्त भी है। गौरतलब है कि हाल ही में एक संघीय कला आयोग ने 24 कैरेट सोने के विशेष सिक्के के डिजाइन को भी मंजूरी दी है, जिस पर राष्ट्रपति ट्रंप की तस्वीर अंकित होगी। यह सिक्का भी 250वीं वर्षगांठ के समारोह का हिस्सा होगा।
ट्रेजरी सचिव स्कॉट बेसेंट ने अपने बयान में कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप के नेतृत्व में अमेरिका आर्थिक विकास, डॉलर की वैश्विक मजबूती और वित्तीय स्थिरता की दिशा में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि देश की ऐतिहासिक उपलब्धियों और राष्ट्रपति को सम्मान देने के लिए अमेरिकी डॉलर पर उनके हस्ताक्षर से बेहतर कोई तरीका नहीं हो सकता।
आजादी की 250वीं वर्षगांठ के मौके पर इस नई मुद्रा को जारी करना एक ऐतिहासिक और प्रतीकात्मक कदम माना जा रहा है।






