अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर 1 अगस्त से 25 प्रतिशत टैरिफ (शुल्क) लगाने की घोषणा की है। उन्होंने कहा कि भारत को इसके साथ-साथ एक जुर्माना भी देना होगा। ट्रंप ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रुथ सोशल’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “याद रखिए, भारत हमारा मित्र है, लेकिन पिछले कुछ वर्षों में हमारे बीच व्यापार बहुत कम रहा है क्योंकि भारत के टैरिफ दुनिया में सबसे अधिक हैं। इसके अलावा, भारत में गैर-मौद्रिक व्यापार प्रतिबंध भी बेहद सख्त और अप्रिय हैं।”
ट्रंप ने यह भी आरोप लगाया कि भारत ने हमेशा अपने सैन्य उपकरण रूस से खरीदे हैं और वह रूस और चीन के साथ मिलकर रूस का सबसे बड़ा ऊर्जा खरीदार भी है, ऐसे समय में जब दुनिया चाहती है कि रूस यूक्रेन में हिंसा रोके। “इसलिए भारत को 1 अगस्त से 25% टैरिफ और अन्य उल्लंघनों के लिए जुर्माना देना होगा। धन्यवाद, मेक अमेरिका ग्रेट अगेन!” एक अन्य पोस्ट में ट्रंप ने कहा कि अमेरिका का भारत के साथ व्यापार घाटा बेहद बड़ा है। उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि 1 अगस्त की समय सीमा अंतिम है और इसे आगे नहीं बढ़ाया जाएगा। “यह अमेरिका के लिए एक बड़ा दिन है!”
गौरतलब है कि इससे पहले, 3 अप्रैल 2025 को भी ट्रंप ने भारत सहित कई देशों पर भारी टैरिफ लगाने की घोषणा की थी। उस समय भारत पर 26% ‘रेसिप्रोकल टैरिफ’ लगाया गया था, जबकि चीन पर 34%, यूरोपीय संघ पर 20%, जापान पर 24%, कंबोडिया पर 49%, मेडागास्कर पर 47%, वियतनाम पर 46% और थाईलैंड पर 36% टैरिफ लगाया गया था। ट्रंप ने कहा था कि ये शुल्क आंशिक रूप से जवाबी हैं।
ट्रंप ने भारत पर 25% टैरिफ लगाने का एलान किया, जुर्माना भी देना होगा






