केंद्र सरकार राज्यों के साथ मिलकर कई लाभकारी और जनकल्याणकारी योजनाएं संचालित करती है। इन योजनाओं के माध्यम से विभिन्न वर्गों को जरूरत के अनुसार लाभ प्रदान किया जाता है। जैसे कि यदि आप किसान हैं, तो आपके लिए प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना काफी उपयोगी हो सकती है। इस योजना के अंतर्गत पात्र किसानों को हर साल तीन किस्तों में ₹2,000-₹2,000 की राशि सीधे उनके बैंक खाते में भेजी जाती है। अब तक 19 किस्तें जारी हो चुकी हैं और अब 20वीं किस्त देने की तैयारी है।
कब जारी होगी 20वीं किस्त?
- कृषि मंत्रालय के एक्स (पूर्व ट्विटर) अकाउंट पर हाल ही में एक वीडियो पोस्ट किया गया है, जिसमें बताया गया है:
“अब और इंतजार नहीं! पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त 2 अगस्त, 2025 को वाराणसी, उत्तर प्रदेश से सीधे आपके खाते में ट्रांसफर की जाएगी। जब आपके मोबाइल में मैसेज टोन बजे, तो समझ लीजिए कि किसान सम्मान की राशि आपके खाते में पहुंच गई है।” - इस जानकारी के अनुसार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को वाराणसी से 20वीं किस्त जारी करेंगे। इस दौरान सभी पात्र किसानों के बैंक खातों में ₹2,000 की राशि डीबीटी (डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर) के माध्यम से भेजी जाएगी।
- हालांकि मंत्रालय के एक्स अकाउंट पर यह घोषणा की गई है, लेकिन पोर्टल पर अभी तक 20वीं किस्त को लेकर कोई आधिकारिक अपडेट नहीं दिखाई दे रही है। उम्मीद है कि जल्द ही पोर्टल पर भी संबंधित जानकारी डाल दी जाएगी।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 2 अगस्त को वाराणसी के दौरे पर रहेंगे, जहां वे राज्य के नागरिकों को लगभग ₹1,000 करोड़ की विकास परियोजनाओं की सौगात देंगे। इसी कार्यक्रम के दौरान वे पीएम किसान योजना की 20वीं किस्त भी जारी करेंगे। माना जा रहा है कि हमेशा की तरह इस बार भी वे किसानों से संवाद करेंगे।




