पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान में घबराहट का माहौल है। इस बीच राष्ट्रपति जरदारी ने शनिवार आधी रात को बड़ा कदम उठाते हुए सोमवार शाम 5 बजे नेशनल असेंबली का आपात सत्र बुलाने का नोटिस जारी किया। यह बैठक इस्लामाबाद स्थित संसद भवन में होगी। जम्मू-कश्मीर के पहलगाम में हुए आतंकी हमले के बाद भारत की संभावित कार्रवाई को लेकर पाकिस्तान में चिंता बढ़ गई है। आशंका है कि भारत बदले की कार्रवाई कर सकता है। इसी डर के चलते आनन-फानन में पाकिस्तान ने संसद का विशेष सत्र बुलाया है। संसद के इस सत्र में भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़े तनाव पर चर्चा हो सकती है। इसके अलावा सैन्य और कूटनीतिक स्तर पर संभावित जवाबी कदमों पर भी विचार किया जाएगा। साथ ही, पहलगाम हमले के बाद पाकिस्तान में नेताओं के बयानों से बने तनावपूर्ण माहौल और आंतरिक सुरक्षा को लेकर भी रणनीति तैयार की जा सकती है।
राष्ट्रपति का आधिकारिक नोटिस
पाकिस्तानी राष्ट्रपति की ओर से जारी आधिकारिक बयान के अनुसार, उन्होंने पाकिस्तान के संविधान के अनुच्छेद 54 की धारा (1) के तहत मिली शक्तियों का इस्तेमाल करते हुए 5 मई 2025, सोमवार को शाम 5 बजे संसद का आपात सत्र बुलाया है। इस विशेष सत्र में सभी राजनीतिक दलों के नेता शामिल होंगे। सबकी नजरें इस पर टिकी होंगी कि इमरान खान की पार्टी पीटीआई इस मुद्दे पर क्या रुख अपनाती है। गौरतलब है कि जेल में बंद इमरान खान पहले ही बयान दे चुके हैं कि भारत के खिलाफ सरकार का साथ देने को तैयार हैं।





