जयपुर: जयपुर-अजमेर हाईवे पर बुधवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। मौखमपुरा पुलिया के पास केमिकल से भरा एक टैंकर अनियंत्रित होकर पलट गया, जिसके तुरंत बाद उसमें जोरदार धमाके के साथ आग लग गई। आग ने देखते ही देखते विकराल रूप ले लिया, जिससे हाईवे पर अफरा-तफरी मच गई और लोगों में दहशत फैल गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। दमकल की आधा दर्जन से ज्यादा गाड़ियां मौके पर पहुंचीं, जिनमें दूदू, फुलेरा सहित आसपास के क्षेत्रों से बुलाई गई अतिरिक्त टीमें भी शामिल थीं। हालांकि आग की तीव्रता इतनी अधिक थी कि राहत दल तुरंत टैंकर तक नहीं पहुंच पाया। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। इस भीषण अग्निकांड में टैंकर ड्राइवर जिंदा जल गया। आग बुझने के बाद रेस्क्यू टीम ने शव को बाहर निकाला और एसएमएस अस्पताल की मोर्चरी भिजवाया गया।
यातायात ठप, दो किलोमीटर लंबा जाम
हादसे के बाद पुलिस ने सुरक्षा के मद्देनज़र हाईवे पर ट्रैफिक रोक दिया, जिससे दोनों ओर दो किलोमीटर लंबा जाम लग गया। जाम में फंसे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रशासन और पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर मौजूद हैं और यातायात सुचारु करने के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।
छह महीने में दूसरा बड़ा हादसा
गौरतलब है कि करीब छह महीने पहले भी इसी हाईवे पर भांकरोटा इलाके में टैंकर पलटने से भीषण हादसा हुआ था, जिसमें 20 लोगों की झुलसकर मौत हो गई थी। बार-बार हो रहे ऐसे हादसे हाईवे की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।






