कोटा: कोटा में विद्यार्थियों की आत्महत्याओं के मामले लगातार बढ़ते जा रहे हैं। रविवार रात एक और छात्रा ने आत्महत्या कर ली। मृतक छात्रा नीट की तैयारी कर रही थी और महावीर नगर थर्ड क्षेत्र के एक हॉस्टल में रह रही थी। जानकारी के अनुसार, वह फोन पर अपने एक रिश्तेदार से बात कर रही थी, तभी उसने पंखे से फंदा लगाकर जान दे दी।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन कमरे का दरवाजा बंद था। पास में काम कर रहे कारपेंटर की मदद से गेट काटकर पुलिस अंदर दाखिल हुई। जब लोग अंदर पहुंचे, तो छात्रा जीशान फंदे से लटकी मिली। उसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।
छात्रा मूल रूप से जम्मू-कश्मीर की रहने वाली थी और सात दिन पहले ही कोटा आई थी। उसने पिछले वर्ष ऑनलाइन कोचिंग की थी और इस बार नीट यूजी की तैयारी के लिए कोटा में रह रही थी। पुलिस को मौके से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। फिलहाल पुलिस जांच कर रही है और शव को मोर्चरी में रखवाया गया है। परिजनों को सूचित कर दिया गया है और उनके आने के बाद पोस्टमार्टम किया जाएगा।
सुप्रीम कोर्ट की नाराज़गी के बावजूद नहीं बदली स्थिति
हाल ही में सुप्रीम कोर्ट ने कोटा में हो रही छात्र आत्महत्याओं पर सख़्त नाराज़गी जताते हुए राज्य सरकार से जवाब मांगा था। कोर्ट ने इस वर्ष हुई 14 आत्महत्या की घटनाओं पर चिंता जताई और कहा कि इसे हल्के में न लिया जाए। कोर्ट ने 14 जुलाई को कोटा एसपी को तलब भी किया है।






