
बॉलीवुड अभिनेता धर्मेंद्र के निधन से फिल्म जगत में शोक की लहर दौड़ गई है। निधन के बाद मुंबई के विले पार्ले स्थित पवन हंस श्मशान घाट पर उनका अंतिम संस्कार किया गया। उनके जाने से पूरी इंडस्ट्री गमगीन है और सभी कलाकार अपने-अपने तरीके से उन्हें याद कर रहे हैं। अमिताभ बच्चन ने देर रात अपने करीबी दोस्त के लिए भावुक पोस्ट लिखा, वहीं कई सितारों ने सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि अर्पित की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार धर्मेंद्र की प्रार्थना सभा 27 नवंबर को आयोजित की जाएगी।
देओल परिवार के घर पहुंचे सितारे
अमिताभ बच्चन ने देर रात अपने करीबी दोस्त के लिए भावुक पोस्ट लिखा, वहीं अनन्या पांडे अपने माता-पिता चंकी पांडे और भावना पांडे के साथ धर्मेंद्र के घर पहुंचीं। अनु मलिक भी देओल परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें सांत्वना दी। सैफ अली खान और करिश्मा कपूर ने भी देओल परिवार से मिलकर संवेदना व्यक्त की। इस कठिन समय में अनेक सितारे परिवार को ढांढस बंधाने पहुंचे।
सुभाष घई हुए भावुक
फिल्ममेकर सुभाष घई ने लिखा कि व्हिसलिंग वुड्स की ‘फेम वॉल’ पर धर्मेंद्र के हाथों के निशान उन्हें हमेशा उनके अद्भुत काम, विनम्र स्वभाव और कलाकारों व तकनीशियनों के लिए उनके आशीर्वाद की याद दिलाएंगे। सैफ अली खान और अमृता सिंह के बेटे इब्राहिम ने भी धर्मेंद्र को याद करते हुए एक भावुक पोस्ट लिखा। उन्होंने बताया कि किस तरह धर्मेंद्र ने अमृता सिंह को महज 16 साल की उम्र में दिल्ली में देखा था और अपनी फिल्म ‘बेताब’ के लिए चुना था।
सायरा बानो ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट साझा करते हुए लिखा कि धर्मेंद्र के जाने से ऐसा लगता है मानो सिनेमा और निजी जीवन का एक अहम अध्याय धीरे-धीरे खत्म हो गया हो। उन्होंने कहा कि धरम जी का अपनापन आज के समय में बहुत दुर्लभ है। उनके लिए यह सिर्फ एक सहकर्मी का नहीं, बल्कि यूसुफ साहब के ‘धरम’ का व्यक्तिगत नुकसान है। अभिनेत्री पद्मिनी कोल्हापुरे ने कहा कि आज इंडस्ट्री ने उस युग के एक ऐसे स्तंभ को खो दिया, जिन्हें न सिर्फ पर्दे पर बल्कि दिलों में भी हीरो माना जाता था। उन्होंने लिखा कि धर्मेंद्र जी का जाना एक युग के अंत जैसा है और उनकी स्मृतियाँ हमेशा जीवित रहेंगी। सिंगर नेहा कक्कड़ ने पुरानी तस्वीरें और वीडियो साझा करते हुए लिखा कि धर्मेंद्र जी की कमी उन्हें हमेशा खलेगी। उन्होंने उनकी गर्मजोशी और खूबसूरत व्यक्तित्व को याद किया। अभिनेत्री मल्लिका शेरावत, जिन्होंने धर्मेंद्र के साथ फिल्म ‘किस किस की किस्मत’ में काम किया था, ने कुछ पुरानी तस्वीरें साझा करते हुए लिखा कि उनके निधन की खबर ने उन्हें झकझोर दिया। उन्होंने कहा कि धर्मेंद्र के साथ काम करना उनके लिए एक यादगार अनुभव था, जिसे वह हमेशा संजो कर रखेंगी।






