दिल्ली ब्लास्ट मामले में आतंकवादी उमर से जुड़े कॉल डिटेल्स की जांच के दौरान दिल्ली पुलिस को महत्वपूर्ण सुराग मिले। इन्हीं तथ्यों के आधार पर पुलिस ने शुक्रवार देर रात लगभग ढाई बजे हल्द्वानी के बनभूलपुरा क्षेत्र स्थित बिलाली मस्जिद के इमाम को गिरफ्तार किया। टीम इमाम को पूछताछ के लिए दिल्ली ले गई है।
दिल्ली पुलिस को उमर के मोबाइल फोन की कॉल डिटेल्स खंगालते हुए अहम जानकारी हासिल हुई। इसके बाद शुक्रवार देर रात दिल्ली पुलिस की स्पेशल टीम और एलआईयू दिल्ली की संयुक्त टीम ने मुस्लिम बहुल व संवेदनशील क्षेत्र बनभूलपुरा में दबिश देकर बिलाली मस्जिद के इमाम को हिरासत में लिया। सूत्रों के अनुसार, पुलिस उसे तुरंत दिल्ली लेकर रवाना हो गई। उधर इलाके की संवेदनशीलता को देखते हुए शनिवार सुबह एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल, सीओ लालकुआं दीपशिखा अग्रवाल व हल्द्वानी, मुखानी, काठगोदाम, लालकुआं और कालाढूंगी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। अचानक भारी पुलिस बल देखकर स्थानीय लोग भी चिंतित हो उठे। बिलाली मस्जिद और इमाम के आवास के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एसपी सिटी मनोज कुमार कत्याल ने बताया कि दिल्ली पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बाद एहतियातन सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है।
गौरतलब है कि 10 नवंबर को लाल किले के पास हुए कार ब्लास्ट ने देशभर में सनसनी फैला दी थी। इस हमले में कई लोगों की मौत हुई और कई अन्य घायल हुए। सरकार द्वारा इसे आतंकी घटना घोषित करने के बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कई संदिग्धों को गिरफ्तार किया है। लाल किले के बाहर हुए कार बम विस्फोट मामले में एनआईए ने मुख्य आरोपी आमिर राशिद अली को अदालत में पेश किया। एजेंसी का कहना है कि आमिर ने आत्मघाती हमलावर डॉ. उमर नबी को सुरक्षित ठिकाना प्रदान किया और उसे लॉजिस्टिक सहायता भी दी। विस्फोट में कुल 13 लोगों की जान गई थी।
दिल्ली ब्लास्ट: हल्द्वानी से इमाम गिरफ्तार; आतंकी उमर से जुड़ा कनेक्शन





