फिल्म निर्देशक विक्रम भट्ट और श्वेतांबरी भट्ट को धोखाधड़ी के मामले में गिरफ्तार कर लिया गया है। दोनों को आज उदयपुर कोर्ट में पेश किया जाएगा। पुलिस ने उन्हें कोर्ट में पेश करने के लिए आज दोपहर तक का रिमांड हासिल किया है। 30 करोड़ रुपये की धोखाधड़ी के इस केस में उदयपुर पुलिस सोमवार देर शाम दोनों को मुंबई से गिरफ्तार कर उदयपुर लेकर पहुंची।
आरोप है कि विक्रम भट्ट और उनकी पत्नी श्वेतांबरी ने इंदिरा ग्रुप ऑफ कंपनीज़ के डायरेक्टर डॉ. अजय मुर्डिया के साथ बड़ी वित्तीय धोखाधड़ी की है। इसी मामले में पुलिस पहले ही दो अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर चुकी है। उदयपुर पहुंचने पर दोनों ने मीडिया से अपना चेहरा छिपाए रखा। जांच अधिकारी डीएसपी छगन पुरोहित ने बताया कि पुलिस टीम आरोपियों को मुंबई से गिरफ्तार कर उदयपुर लाई है। दोनों को आज कोर्ट में पेश किया जाएगा, जहाँ आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अब दस्तावेजों और वित्तीय लेन-देन की गहन जांच कर रही है।
धोखाधड़ी मामले में फिल्म निर्देशक विक्रम भट्ट गिरफ्तार, आज कोर्ट में होंगे पेश






