बी-2 बाइपास चौराहे पर एक तरफ़ से दिखेंगे मोर, तो दूसरी तरफ़ से कठपुतली
शहर के पहले सिग्नल-फ्री चौराहे बी-2 बाइपास के सौंदर्यीकरण का कार्य जयपुर विकास प्राधिकरण (जेडीए) ने शुरू कर दिया है। मानसरोवर की ओर से अंडरपास में प्रवेश करने पर कठपुतली कला की आकृतियां एक पुरुष और एक महिला दिखाई देंगी। वहीं, जवाहर सर्कल से मानसरोवर की दिशा में जाते समय अंडरपास के ऊपर लगभग 15 फीट ऊंचा मोर स्थापित किया जाएगा।
इन कलाकृतियों पर जेडीए करीब 80 लाख रुपये खर्च कर रहा है। अधिकारियों के अनुसार मार्च तक यह कार्य पूर्ण कर लिया जाएगा। उल्लेखनीय है कि जब इस चौराहे को ट्रैफिक-फ्री बनाने की योजना बनी थी, तब दोनों ओर स्मारक द्वार निर्माण का प्रस्ताव था। हालांकि, राज्य में सरकार परिवर्तन के बाद मौजूदा भाजपा सरकार ने इसे फिजूलखर्ची बताते हुए परियोजना रोक दी, जिस पर उस समय लगभग 20 करोड़ रुपये का खर्च प्रस्तावित था। जेडीए अधिकारियों ने बताया कि ये कलाकृतियां वेस्ट मैटेरियल से तैयार की जा रही हैं। बेकार पड़े सरिये और लोहे का उपयोग किया जा रहा है, जबकि ऊपरी सजावट के लिए ब्लू पॉटरी का सहारा लिया जाएगा। अंडरपास की छत पर पहले से लगे लोहे के फ्रेम का उपयोग कर ही इन कलाकृतियों को आकार दिया जा रहा है।






