
भारतीय रेलवे ने 26 दिसंबर से यात्री ट्रेनों के किराये में मामूली बढ़ोतरी लागू कर दी है। 215 किलोमीटर से अधिक की यात्रा करने वाले यात्रियों को अब प्रति किलोमीटर 1 से 2 पैसे अतिरिक्त देने होंगे। हालांकि, द्वितीय श्रेणी आर्डिनरी ट्रेनों में 215 किमी तक के सफर पर कोई बढ़ोतरी नहीं की गई है।
रेल मंत्रालय ने गुरुवार को किराया संशोधन की अधिसूचना जारी की थी, जिसके तहत आज से ट्रेनों में सफर थोड़ा महंगा हो गया है। नई दरों के अनुसार, 215 किमी से ज्यादा दूरी पर साधारण श्रेणी में प्रति किमी 1 पैसा, जबकि मेल/एक्सप्रेस ट्रेनों की नॉन-एसी श्रेणियों और सभी ट्रेनों की एसी श्रेणियों में प्रति किमी 2 पैसे की बढ़ोतरी की गई है। मंत्रालय ने 21 दिसंबर को ही 26 दिसंबर से किराया बढ़ाने की घोषणा कर दी थी। यह एक साल के भीतर दूसरी बार है जब यात्री किराये में संशोधन किया गया है; इससे पहले जुलाई में भी किराया बढ़ाया गया था। रेलवे का कहना है कि यह कदम यात्रियों के लिए किफायती किराया बनाए रखने और परिचालन लागत के बीच संतुलन स्थापित करने के उद्देश्य से उठाया गया है।
किस श्रेणी में कितना बढ़ा किराया?
रेलवे के अनुसार, द्वितीय श्रेणी आर्डिनरी ट्रेनों में 215 किमी तक कोई बढ़ोतरी नहीं है। 216 से 2,250 किमी तक की दूरी पर किराये में ₹5 से ₹20 तक का इजाफा किया गया है। स्लीपर क्लास में प्रति किमी 1 पैसा और एसी क्लास में प्रति किमी 2 पैसे की बढ़ोतरी लागू होगी। राजधानी, शताब्दी, दुरंतो, वंदे भारत, तेजस, हमसफर, अमृत भारत, गरीब रथ, जन शताब्दी, अंत्योदय, गतिमान, युवा एक्सप्रेस, नमो भारत रैपिड रेल सहित अन्य विशेष ट्रेनों में भी श्रेणी के अनुसार यही बढ़ोतरी लागू रहेगी। हालांकि, रिजर्वेशन शुल्क, सुपरफास्ट चार्ज और जीएसटी में कोई बदलाव नहीं किया गया है।
उपनगरीय ट्रेनों पर असर नहीं
रेलवे ने स्पष्ट किया है कि उपनगरीय ट्रेनों के सिंगल टिकट और सभी प्रकार के सीजन टिकट (उपनगरीय व गैर-उपनगरीय) में कोई बदलाव नहीं किया गया है। इसके अलावा, संशोधित किराया केवल 26 दिसंबर 2025 या उसके बाद बुक किए गए टिकटों पर ही लागू होगा। इससे पहले बुक किए गए टिकटों पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं लिया जाएगा। स्टेशनों पर प्रदर्शित किराया सूची भी 26 दिसंबर से नई दरों के अनुसार अपडेट की जाएगी।





