जयपुर जिले के चौमू कस्बे में आधी रात के बाद एक मस्जिद से जुड़े विवाद के चलते अचानक सांप्रदायिक तनाव की स्थिति बन गई। सड़क किनारे पड़े पत्थरों को हटाने की कार्रवाई के दौरान विरोध उग्र हो गया और कुछ असामाजिक तत्वों ने पुलिस बल पर पत्थरबाजी शुरू कर दी, जिसमें कई पुलिसकर्मी घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम से मस्जिद परिसर के पास सड़क पर लंबे समय से पड़े पत्थरों को हटाया जा रहा था। ये पत्थर आबादी क्षेत्र में यातायात बाधित कर रहे थे, जिससे आए दिन जाम की समस्या बनी रहती थी। पत्थर हटाने को लेकर स्थानीय लोगों के विरोध के बाद बड़ी संख्या में लोग मौके पर एकत्र हो गए। विरोध के दौरान हालात तब बिगड़ गए, जब कुछ असामाजिक तत्वों ने अचानक पुलिस पर पथराव शुरू कर दिया। स्थिति को काबू में करने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े और लाठीचार्ज करना पड़ा। कड़ी कार्रवाई के बाद कुछ घंटों में हालात नियंत्रण में आ गए।
वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे
घटना की गंभीरता को देखते हुए स्पेशल ऑपरेशन कमिश्नर राहुल प्रकाश, अतिरिक्त पुलिस कमिश्नर डॉ. राजीव पचार और मनीष अग्रवाल मौके पर पहुंचे। वरिष्ठ अधिकारियों ने स्वयं मोर्चा संभालते हुए स्थिति को संभाला। घटना के बाद एहतियातन चौमू बस स्टैंड सहित आसपास के क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। पूरे इलाके में कड़ी निगरानी रखी जा रही है। शांति व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से संभागीय आयुक्त ने आदेश जारी कर चौमू क्षेत्र में 26 दिसंबर सुबह 7 बजे से 27 दिसंबर सुबह 7 बजे तक इंटरनेट सेवाओं पर अस्थायी प्रतिबंध लगा दिया है।






