करणी विहार थाना क्षेत्र के रजनी विहार में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के शरद पूर्णिमा कार्यक्रम के दौरान गुरुवार रात खीर वितरण के समय कुछ युवकों ने चाकूबाजी की। इस हमले में दस लोग घायल हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने घायलों को एसएमएस अस्पताल पहुंचाया, जहां उनका इलाज चल रहा है।
सूत्रों के अनुसार, आरएसएस की शाखा की ओर से रजनी विहार में शरद पूर्णिमा का आयोजन हो रहा था। इस दौरान एक युवक ने खीर वितरण में शामिल लोगों पर चाकू से हमला किया और खीर फेंक दी, जिससे वहां अफरातफरी मच गई। कुछ लोगों ने हमलावरों को पकड़ लिया। घटना के बाद आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग करते हुए कई लोग करणी विहार थाने पहुंचे। पुलिस ने बताया कि नसीब चौधरी और उसके बेटे को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।
मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौड़, विधायक गोपाल शर्मा और भाजपा नेता अरुण चतुर्वेदी घायलों से मिलने सवाई मानसिंह अस्पताल पहुंचे। देर रात पुलिस ने इलाके में अतिरिक्त सुरक्षा बल तैनात किया और वारदात में शामिल अन्य युवकों की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, सभी घायल आरएसएस की जगदम्बा नगर हीरापुरा शाखा से जुड़े हुए हैं। घायल व्यक्तियों में शंकर बागड़ा, मुरारीलाल, राम पारीक, लाखन सिंह जादौन, पुष्पेंद्र और दिनेश शर्मा एसएमएस अस्पताल में भर्ती हैं, जबकि अन्य चार घायल पास के अस्पताल में भर्ती हैं। घायलों ने बताया कि खीर वितरण के दौरान आरोपियों ने खीर पर लात मारकर हमला किया।
जयपुर में आरएसएस के कार्यक्रम में माहौल बिगाड़ने की कोशिश, चाकूबाजी से मच गई अफरा-तफरी






