भारतीय रेलवे टिकट बुकिंग से जुड़े नियमों में बड़ा बदलाव करने जा रहा है। अब यात्री बिना कोई अतिरिक्त शुल्क दिए अपनी कन्फर्म टिकट की यात्रा तिथि में बदलाव कर सकेंगे। यात्रा योजना में बदलाव होने पर टिकट रद्द कराने और नई टिकट बुक करने की आवश्यकता नहीं होगी। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने बताया कि नई तिथि पर कन्फर्म टिकट मिलने की गारंटी सीट की उपलब्धता पर निर्भर करेगी, साथ ही अगर किराए में अंतर होगा तो यात्री को वह राशि चुकानी पड़ेगी।
रेलवे के टिकट बुकिंग नियमों में बड़ा परिवर्तन
- यात्री अपनी कन्फर्म टिकट की तारीख में कर सकेंगे बदलाव।
- नई टिकट पर कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा।
- यह सुविधा ऑनलाइन उपलब्ध होगी।
नई दिल्ली। भारतीय रेलवे ने यात्रियों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए टिकट बुकिंग से जुड़े नियमों में अहम बदलाव किया है। अक्सर यात्रियों की यात्रा योजनाएं अचानक बदल जाती हैं, जिससे पहले से बुक की गई टिकट बेकार हो जाती है। अब यात्री बिना टिकट रद्द कराए उसी टिकट की तारीख में बदलाव कर सकेंगे, जिससे उन्हें दोबारा टिकट लेने की परेशानी और कैंसिलेशन चार्ज से राहत मिलेगी।
कन्फर्म टिकट की गारंटी नहीं
1 जनवरी से यात्री ऑनलाइन माध्यम से अपनी कन्फर्म टिकट की यात्रा तिथि में बिना किसी अतिरिक्त शुल्क के बदलाव कर पाएंगे। फिलहाल, यात्रा की तिथि बदलने के लिए यात्रियों को टिकट कैंसिल कर नई टिकट बुक करनी पड़ती है, जिसमें कैंसिलेशन चार्ज भी लगता है और नई टिकट मिलना भी मुश्किल होता है। रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने स्पष्ट किया कि नए नियम के तहत भी कन्फर्म टिकट की कोई गारंटी नहीं होगी क्योंकि यह पूरी तरह सीट की उपलब्धता पर निर्भर करेगा। यदि नई टिकट का किराया अधिक होगा तो यात्रियों को केवल किराए का अंतर चुकाना होगा। इस सुविधा से उन यात्रियों को सबसे ज्यादा लाभ होगा जो यात्रा की तारीख में बदलाव के कारण भारी शुल्क चुकाते हैं।
मौजूदा कैंसिलेशन पॉलिसी
वर्तमान नियमों के अनुसार, ट्रेन के प्रस्थान से 48 से 12 घंटे पहले कन्फर्म टिकट कैंसिल करने पर किराए का 25% काटा जाता है। वहीं, प्रस्थान से 12 से 4 घंटे पहले टिकट रद्द करने पर कटौती की राशि और बढ़ जाती है। रिज़र्वेशन चार्ट बनने के बाद टिकट रद्द करने पर कोई पैसा वापस नहीं किया जाता।
यह नया नियम यात्रियों के लिए एक बड़ी राहत साबित हो सकता है, खासकर उन लोगों के लिए जिनकी यात्रा योजनाएं अचानक बदल जाती हैं।




