श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के अध्यक्ष महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत अचानक बिगड़ गई है। स्वास्थ्य में गिरावट के बाद उन्हें अयोध्या से लखनऊ स्थित मेदांता अस्पताल रेफर किया गया है। बताया जा रहा है कि पिछले करीब 36 घंटे से उन्होंने कुछ भी भोजन नहीं किया था, जिससे उनकी हालत कमजोर होती चली गई। सूत्रों के अनुसार, इस दौरान उन्हें लगातार उल्टी और दस्त की शिकायत रही। तबीयत बिगड़ने की जानकारी मिलते ही श्रीराम अस्पताल के सेवानिवृत्त चिकित्सक डॉ. एस.के. पाठक ने उनका परीक्षण किया। प्रारंभिक जांच में स्थिति गंभीर पाए जाने पर डॉक्टरों ने तत्काल उच्चस्तरीय इलाज की सलाह दी। इसके बाद महंत नृत्य गोपाल दास को लखनऊ के मेदांता अस्पताल भेजा गया, जहां उनके उत्तराधिकारी महंत कमलनयन दास स्वयं उन्हें लेकर रवाना हुए। अस्पताल पहुंचने पर विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम द्वारा उनकी विस्तृत जांच और उपचार किया जाएगा। डॉक्टरों के अनुसार फिलहाल उन्हें चिकित्सकीय निगरानी में रखा जाना आवश्यक है।
महंत नृत्य गोपाल दास के अस्वस्थ होने की खबर से संत समाज, रामभक्तों और श्रद्धालुओं में चिंता का माहौल है। उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना के साथ देशभर में प्रार्थनाएं की जा रही हैं। वहीं, ट्रस्ट प्रशासन भी लगातार उनके स्वास्थ्य की स्थिति पर नजर बनाए हुए है।
यूपी: महंत नृत्य गोपाल दास की तबीयत बिगड़ी, लखनऊ के मेदांता अस्पताल रेफर






