जम्मू-कश्मीर के डोडा जिले में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में सेना के दस जवानों की मौत हो गई, जबकि 11 अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना भद्रवाह–चंबा मार्ग पर खन्नी टॉप के पास उस समय हुई, जब सेना का एक वाहन अनियंत्रित होकर करीब 400 फीट गहरी खाई में जा गिरा। स्थानीय अधिकारियों के अनुसार, सेना का यह दल सुबह ऑपरेशनल ड्यूटी के लिए रवाना हुआ था। दुर्गम पहाड़ी इलाके और तीव्र मोड़ पर वाहन चालक का संतुलन बिगड़ गया, जिससे यह बड़ा हादसा हो गया। घटना की जानकारी मिलते ही सेना, पुलिस और प्रशासन की टीमें मौके पर पहुंचीं और तुरंत राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। कठिन भौगोलिक परिस्थितियों के बावजूद रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। अधिकारियों ने बताया कि दुर्घटनास्थल पर ही 10 जवानों की जान चली गई, जबकि 11 जवान घायल अवस्था में मिले। घायलों को पहले उप जिला अस्पताल भद्रवाह ले जाया गया, जहां से उनकी गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें एयरलिफ्ट कर उधमपुर स्थित सेना के कमांड अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सभी घायलों का इलाज जारी है और उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
इस हादसे पर जम्मू-कश्मीर के उपराज्यपाल मनोज सिन्हा ने गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर कहा कि डोडा में हुए इस दुर्भाग्यपूर्ण सड़क हादसे में देश ने अपने 10 वीर जवानों को खो दिया है। उन्होंने शहीद जवानों की उत्कृष्ट सेवा और सर्वोच्च बलिदान को नमन करते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना प्रकट की। उपराज्यपाल ने कहा कि इस दुख की घड़ी में पूरा देश पीड़ित परिवारों के साथ खड़ा है।
शहीद जवानों के नाम:
जोबन जीत, सुधेर नरवाल, मोनू, मोहित, एच.आर. कंवर, सिमरन, पी. लोरा, सुलिंदर, अजय लोफरा और स्वर्ण नाग पाल।
घायल जवानों के नाम:
साहिल, जेपी सिंह, नीरज, अनूप, नागिस, अमन, शंकर, संदीप, जोबनप्रीत, राकेश और अभिमन्यु।





