
कोलंबिया में एक बड़ा विमान हादसा सामने आया है। उड़ान भरने के कुछ ही मिनट बाद एक यात्री विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें सवार सभी 15 लोगों की मौत हो गई। कोलंबिया की सरकारी एयरलाइन साटेना के अनुसार, बीचक्राफ्ट विमान (रजिस्ट्रेशन नंबर HK-4709) कुकूता से ओकान्या के लिए रवाना हुआ था। विमान में 13 यात्री और दो क्रू मेंबर सवार थे।
यह दुर्घटना बुधवार को कोलंबिया के उत्तर-पूर्वी क्षेत्र नोर्टे दे सांतांदेर प्रांत के एक ग्रामीण इलाके में हुई। स्थानीय प्रशासन ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि विमान क्यूरासिका क्षेत्र में गिरा। ग्रामीणों से सूचना मिलने के बाद तुरंत राहत और बचाव दल को मौके पर भेजा गया, लेकिन पहुंचने पर सभी यात्रियों और क्रू मेंबर्स के मृत होने की पुष्टि की गई। प्राप्त जानकारी के मुताबिक, विमान ने सुबह 11:42 बजे कुकूता एयरपोर्ट से उड़ान भरी थी। पहाड़ी इलाके में स्थित ओकान्या तक की यह उड़ान आमतौर पर करीब 40 मिनट की होती है। हालांकि, टेकऑफ के कुछ ही देर बाद विमान का एयर ट्रैफिक कंट्रोल (ATC) से संपर्क टूट गया, जिसके बाद यह हादसा हुआ।
हादसे में जान गंवाने वालों के नाम
यात्रियों में मारिया अल्वारेज बारबोसा, कार्लोस साल्सेडो, रोलैंडो पेनालोजा ग्वाल्ड्रोन, मारिया डियाज रोड्रिगेज, मायरा एवेंडानो रिनकॉन, अनायेसेल क्विंटेरो, करें पैरालेस वेरा, एनिरली जूलियो ओसोरियो, गिनेथ रिनकॉन, डायोजनीज क्विंटेरो अमाया, नतालिया अकोस्टा साल्सेडो, माइरा सांचेज क्रिएडो और जुआन पाचेको मेजिया शामिल हैं।
क्रू मेंबर्स में कैप्टन मिगुएल वेनेगास और कैप्टन जोस डे ला वेगा थे। इनमें डायोजनीज क्विंटेरो अमाया का नाम प्रमुख बताया जा रहा है, जो अपने क्षेत्र में आंतरिक सशस्त्र संघर्ष के पीड़ितों का प्रतिनिधित्व करते थे। उनकी मौत से स्थानीय समुदाय में शोक और चिंता का माहौल है। फिलहाल विमान हादसे के कारणों का पता नहीं चल सका है। जांच एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि दुर्घटना तकनीकी खराबी, खराब मौसम या किसी अन्य वजह से हुई। कोलंबिया का परिवहन मंत्रालय और संबंधित एजेंसियां मामले की विस्तृत जांच कर रही हैं।






