
इन हादसों ने देश को यह याद दिलाया कि तकनीक के बावजूद हवाई यात्रा जोखिम से पूरी तरह मुक्त नहीं है। हर ऐसी त्रासदी भारत के इतिहास में एक दर्दनाक अध्याय बनकर दर्ज हो गई।
भारत के इतिहास में समय-समय पर हुए विमान और हेलीकॉप्टर हादसों ने देश से कई महान नेताओं, वैज्ञानिकों, जनप्रतिनिधियों और चर्चित हस्तियों को छीन लिया। इन दर्दनाक दुर्घटनाओं ने न सिर्फ परिवारों को बल्कि पूरे देश को गहरे शोक में डुबो दिया। किन परिस्थितियों में ये हादसे हुए, इनके पीछे क्या कारण रहे और इनसे जुड़ी अहम जानकारियां क्या रहीं, आइए एक नजर डालते हैं।
देश ने हाल के वर्षों में भी बड़े विमान हादसों का सामना किया है। महाराष्ट्र के पुणे जिले के बारामती में हुए एक विमान हादसे में उप मुख्यमंत्री अजित पवार का निधन हो गया। इस दुर्घटना में विमान में सवार पांच अन्य लोगों की भी जान चली गई। यह हादसा उस समय हुआ, जब एनसीपी नेता अजित पवार (66) को ले जा रहा विमान बारामती में रनवे के पास क्रैश लैंड हो गया। इससे कुछ समय पहले अहमदाबाद से लंदन के गैटविक एयरपोर्ट के लिए उड़ान भर रहा बोइंग 787 ड्रीमलाइनर विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया था। टेकऑफ के कुछ ही क्षण बाद विमान अहमदाबाद के मेघाणीनगर इलाके में एक रिहायशी इमारत से टकरा गया। इस हादसे ने न सिर्फ भारत, बल्कि पूरी दुनिया को झकझोर कर रख दिया। कई देशों के नेताओं ने शोक व्यक्त किया। इस फ्लाइट में गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री विजय रुपाणी भी सवार थे।

भारत में विमान हादसों में जान गंवाने वाली प्रमुख हस्तियां
सुभाष चंद्र बोस
- कौन: महान स्वतंत्रता सेनानी
- कब: 18 अगस्त 1945
- कहां: ताइहोकू एयरपोर्ट, ताइवान (वर्तमान ताइपे)
- कैसे: जापानी सैन्य विमान के उड़ान भरते समय दुर्घटनाग्रस्त होने की बात कही जाती है। दावा है कि नेताजी गंभीर रूप से झुलस गए थे और अस्पताल में उनका निधन हुआ। हालांकि उनकी मृत्यु को लेकर वर्षों तक संदेह और विभिन्न थ्योरी सामने आती रहीं। केंद्र सरकार द्वारा समय-समय पर सार्वजनिक किए गए दस्तावेजों में हादसे में उनकी मृत्यु की पुष्टि की गई है।
होमी जहांगीर भाभा
- कौन: भारत के परमाणु कार्यक्रम के जनक
- कब: 24 जनवरी 1966
- कहां: मोंट ब्लांक, स्विट्जरलैंड
- कैसे: एअर इंडिया की उड़ान 101 जिनेवा के पास गलत संचार के कारण स्विस आल्प्स में दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इस हादसे में भाभा समेत विमान में सवार सभी लोगों की मृत्यु हो गई।
संजय गांधी
- कौन: पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी के पुत्र, सांसद
- कब: 23 जून 1980
- कहां: सफदरजंग एयरपोर्ट, नई दिल्ली
- कैसे: प्रशिक्षण उड़ान के दौरान स्वयं विमान उड़ाते समय नियंत्रण खोने से हादसा हुआ। उनकी उम्र मात्र 33 वर्ष थी।
माधवराव सिंधिया
- कौन: कांग्रेस नेता, पूर्व केंद्रीय मंत्री
- कब: 30 सितंबर 2001
- कहां: मैनपुरी, उत्तर प्रदेश
- कैसे: खराब मौसम और तकनीकी खराबी के चलते चार्टर्ड विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया। इस हादसे में सिंधिया समेत चार लोगों की मौत हुई।
जीएमसी बालयोगी
- कौन: पूर्व लोकसभा अध्यक्ष
- कब: 3 मार्च 2002
- कहां: कृष्णा जिला, आंध्र प्रदेश
- कैसे: भारतीय वायुसेना के हेलीकॉप्टर में तकनीकी खराबी आने से दलदली इलाके में क्रैश हो गया। हादसे में बालयोगी समेत तीन लोगों की जान गई।
केएस सौम्या सत्यनारायण (सौंदर्या)
- कौन: प्रसिद्ध अभिनेत्री
- कब: 17 अप्रैल 2004
- कहां: बेंगलुरु, कर्नाटक
- कैसे: विमान दुर्घटनाग्रस्त होने से 32 वर्ष की उम्र में उनका निधन हो गया।
ओपी जिंदल और सुरेंद्र सिंह
- कब: 31 मार्च 2005
- कहां: सहारनपुर, उत्तर प्रदेश
- कैसे: हेलीकॉप्टर की आपात लैंडिंग के प्रयास के दौरान तकनीकी खराबी से हादसा हुआ, जिसमें तीन लोगों की मृत्यु हुई।
वाईएस राजशेखर रेड्डी
- कौन: आंध्र प्रदेश के तत्कालीन मुख्यमंत्री
- कब: 3 सितंबर 2009
- कहां: नल्लामल्ला जंगल, आंध्र प्रदेश
- कैसे: खराब मौसम के कारण हेलीकॉप्टर जंगल में दुर्घटनाग्रस्त हो गया। पांचों सवारों की मौत हुई।
दोर्जी खांडू
- कौन: अरुणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री
- कब: 30 अप्रैल 2011
- कहां: तवांग क्षेत्र
- कैसे: खराब मौसम में हेलीकॉप्टर दुर्घटनाग्रस्त हुआ। चार दिन बाद मलबा और शव बरामद हुए।
जनरल बिपिन रावत
- कौन: भारत के पहले चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ
- कब: 8 दिसंबर 2021
- कहां: कुन्नूर, तमिलनाडु
- कैसे: एमआई-17 हेलीकॉप्टर हादसे में पत्नी समेत 13 लोगों की मृत्यु हुई। जांच रिपोर्ट में मानवीय चूक को कारण बताया गया।
बलवंतराय मेहता
- कौन: गुजरात के पूर्व मुख्यमंत्री
- कब: 1965
- कैसे: कच्छ के रण में निरीक्षण के दौरान उनका विमान दुश्मन की कार्रवाई में गिरा। इस हादसे में मेहता समेत कई लोगों की जान चली गई।






