
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब भारत की ऊर्जा आपूर्ति पर भी
पश्चिम एशिया में बढ़ते तनाव का असर अब भारत की ऊर्जा आपूर्ति पर भी दिखाई देने लगा है। कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कमी के कारण चेन्नई, मुंबई और बेंगलुरु जैसे प्रमुख शहरों में होटल और रेस्टोरेंट का संचालन प्रभावित हो रहा है। स्थिति को देखते हुए होटल उद्योग से जुड़े संगठनों ने केंद्र सरकार से हस्तक्षेप की मांग की है।
दरअसल, पश्चिम एशिया में जारी संघर्ष के चलते वैश्विक ऊर्जा आपूर्ति पर दबाव बढ़ गया है। तेल और गैस की सप्लाई में संभावित व्यवधान की आशंका अब भारत में भी महसूस की जा रही है। देश के कई हिस्सों में कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की कमी की खबरों ने होटल और रेस्टोरेंट उद्योग की चिंता बढ़ा दी है। बड़े शहरों में कई जगह रसोई संचालन प्रभावित होने से कारोबार पर सीधा असर पड़ रहा है। उद्योग से जुड़े संगठनों का कहना है कि कई क्षेत्रों में गैस की नियमित आपूर्ति बाधित हो रही है, जिससे होटल और रेस्टोरेंट संचालकों के सामने रसोई चलाना मुश्किल हो रहा है। इसी को लेकर होटल उद्योग के प्रमुख संगठन फेडरेशन ऑफ होटल एंड रेस्टोरेंट एसोसिएशन ऑफ इंडिया (एफएचआरएआई) ने पेट्रोलियम और प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी को पत्र लिखकर तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है।
आपूर्ति बाधित होने की एनआरएआई ने भी जताई चिंता
एफएचआरएआई ने अपने पत्र में बताया कि जमीनी स्तर पर गैस सिलेंडरों की सप्लाई में गंभीर बाधाएं सामने आ रही हैं। कई गैस डिस्ट्रीब्यूटर 5 मार्च के एक कथित सरकारी आदेश का हवाला देते हुए कमर्शियल सिलेंडर देने से इनकार कर रहे हैं, जिससे होटल और रेस्टोरेंट का संचालन प्रभावित हो रहा है। संगठन के महासचिव जैसन चाको ने कहा कि सरकार को इस मुद्दे पर तुरंत स्पष्ट निर्देश जारी करने चाहिए। उन्होंने मांग की कि यह साफ किया जाए कि होटल और फूड सर्विस सेक्टर के लिए कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पर कोई प्रतिबंध नहीं है। साथ ही सभी ऑयल मार्केटिंग कंपनियों को बिना किसी बाधा के सिलेंडर की नियमित सप्लाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए जाएं। रेस्टोरेंट उद्योग की एक अन्य प्रमुख संस्था भारतीय राष्ट्रीय रेस्तरां संघ (एनआरएआई) ने भी इस मामले को लेकर चिंता व्यक्त की है। संगठन का कहना है कि कई गैस सप्लायर रेस्टोरेंट उद्योग की मांग पूरी करने में असमर्थता जता रहे हैं, जिससे कारोबार प्रभावित हो रहा है। एनआरएआई ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट करते हुए कहा कि खबरों के मुताबिक सरकार ने स्पष्ट किया है कि रेस्टोरेंट इंडस्ट्री के लिए कमर्शियल एलपीजी सिलेंडरों की आपूर्ति पर कोई प्रतिबंध नहीं है, लेकिन जमीनी स्थिति इससे अलग दिखाई दे रही है।
कई सप्लायर गैस देने से कर रहे इनकार
संगठन के अनुसार कई स्थानों पर गैस सप्लायर सिलेंडर उपलब्ध कराने से मना कर रहे हैं। ऐसे में एनआरएआई ने सरकार से इस मामले में तत्काल स्पष्टीकरण जारी करने और आवश्यक हस्तक्षेप करने की अपील की है। संगठन का कहना है कि होटल और रेस्टोरेंट उद्योग लोगों को भोजन उपलब्ध कराने जैसी आवश्यक सेवा से जुड़ा है, इसलिए गैस आपूर्ति में बाधा का असर आम लोगों तक भी पहुंच सकता है।




