केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार और ओडिशा के पूर्व मुख्यमंत्री नवीन पटनायक को भारत रत्न देने की मांग की है। बेगूसराय में बीजेपी नेता ने नीतीश कुमार और नवीन पटनायक की जमकर प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि ओडिशा में बीजेपी की जीत के बाद नवीन पटनायक को सत्ता से बाहर होना पड़ा था। गिरिराज सिंह ने कहा कि नीतीश कुमार के सत्ता में आने से पहले बिहार की हालत बेहद खराब थी। सड़कों, स्कूलों और इमारतों की दुर्दशा के लिए राज्य पहचाना जाता था। लेकिन नीतीश कुमार ने बिहार को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। इसी तरह नवीन पटनायक ने भी ओडिशा में उल्लेखनीय सेवा की है। ऐसे नेता भारत रत्न जैसे सर्वोच्च सम्मान के योग्य हैं।
गिरिराज सिंह ने यह भी कहा कि 2025 में होने वाले बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए की सरकार नीतीश कुमार के नेतृत्व में बनेगी। उन्होंने यह स्पष्ट किया कि कोई भी भ्रम में न रहे। लालू प्रसाद यादव चाहे जितनी कोशिश कर लें, लेकिन चुनाव नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही लड़ा जाएगा और एनडीए की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि आज के 30 साल के युवा लालू यादव के ‘जंगल राज’ को नहीं जानते हैं।
गौरतलब है कि बिहार में अगले साल विधानसभा चुनाव होने वाले हैं। हाल ही में हरियाणा के सूरजकुंड में बिहार भाजपा कोर कमेटी की दो दिवसीय बैठक में भी इस बात पर सहमति बनी कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही चुनाव लड़ा जाएगा। बिहार बीजेपी अध्यक्ष दिलीप जयसवाल और बीजेपी प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने भी यही कहा कि नीतीश कुमार के नेतृत्व में एनडीए चुनाव लड़ेगी और वही मुख्यमंत्री बनेंगे। उन्होंने यह भी दावा किया कि 2030 तक बिहार में नीतीश कुमार के नेतृत्व में ही सरकार चलेगी।
नीतीश कुमार और नवीन पटनायक को मिले भारत रत्न – गिरिराज सिंह




