
तिब्बती बौद्ध धर्मगुरु दलाई लामा ने 68वें वार्षिक ग्रैमी पुरस्कार समारोह में पहली बार ग्रैमी अवॉर्ड जीतकर इतिहास रच दिया है। उनके मेडिटेशन आधारित एल्बम को संगीत जगत के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार से सम्मानित किया गया है। यह पहली बार है जब किसी आध्यात्मिक गुरु को ग्रैमी अवॉर्ड मिला है। पुरस्कार समारोह में दलाई लामा के एल्बम ‘Meditation: The Reflections of His Holiness the Dalai Lama’ को ऑडियोबुक, नैरेटर और स्टोरीटेलिंग रिकॉर्डिंग श्रेणी में ग्रैमी अवॉर्ड से नवाजा गया। इस जीत के साथ दलाई लामा ने अमेरिका के सुप्रीम कोर्ट की जस्टिस केतनजी ब्राउन जैक्सन को भी पीछे छोड़ दिया।
ग्रैमी विजेताओं की सूची में शामिल हुए दलाई लामा
इस सम्मान के साथ दलाई लामा का नाम उन प्रतिष्ठित कलाकारों की सूची में शामिल हो गया है, जिनमें के-पॉप कलाकारों से लेकर हॉलीवुड के दिग्गज निर्देशक स्टीवन स्पीलबर्ग तक शामिल हैं।
के-पॉप ने भी रचा इतिहास
के-पॉप ग्रुप के गाने ‘Golden’ (फिल्म ‘K-Pop Demon Hunters’ से) ने प्रीमियर सेरेमनी में विजुअल मीडिया के लिए लिखित गीत का पुरस्कार जीता। यह किसी के-पॉप कलाकार द्वारा ग्रैमी अवॉर्ड जीतने का पहला अवसर है। गीतकारों ने अंग्रेज़ी और कोरियाई दोनों भाषाओं में अपना स्वीकृति भाषण दिया, जिससे गाने की वैश्विक और द्विभाषी पहचान सामने आई।
स्टीवन स्पीलबर्ग बने ईजीओटी विजेता
संगीत श्रेणी में ‘Music for John Williams’ को ग्रैमी अवॉर्ड मिलने के साथ ही प्रसिद्ध निर्देशक स्टीवन स्पीलबर्ग ने अपना पहला ग्रैमी पुरस्कार हासिल किया। इसके साथ ही उन्होंने ईजीओटी (EGOT) क्लब में प्रवेश कर लिया है। ईजीओटी उन कलाकारों को कहा जाता है, जिनके नाम एमी, ग्रैमी, टोनी और ऑस्कर चारों प्रतिष्ठित पुरस्कार होते हैं।






