लंदन से बेंगलुरु जाने वाली एयर इंडिया की फ्लाइट में सोमवार को यानि आज तकनीकी खराबी सामने आई। बोइंग 787-8 विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच में गड़बड़ी पाए जाने के बाद एहतियातन विमान को तुरंत ग्राउंडेड कर दिया गया। इस घटना से यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई, हालांकि क्रू मेंबर सहित सभी यात्री पूरी तरह सुरक्षित हैं। फिलहाल विमान की विस्तृत तकनीकी जांच की जा रही है।
एयर इंडिया ने एक बयान जारी कर बताया कि उनके एक पायलट ने बोइंग 787-8 विमान के फ्यूल कंट्रोल स्विच में संभावित खराबी की सूचना दी थी। शुरुआती जानकारी मिलते ही सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान को उड़ान से रोक दिया गया और मामले की जांच के लिए ओईएम (ओरिजिनल इक्विपमेंट मैन्युफैक्चरर) को शामिल किया गया है।
एयरलाइन ने यह भी स्पष्ट किया कि इस घटना की जानकारी विमानन नियामक डीजीसीए को दे दी गई है। एयर इंडिया के अनुसार यात्रियों और क्रू की सुरक्षा उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है और सभी जरूरी प्रक्रियाओं का पालन किया जा रहा है।
डीजीसीए के निर्देशों के तहत एयर इंडिया ने अपने बेड़े में शामिल सभी बोइंग 787 विमानों के फ्यूल कंट्रोल स्विच की जांच कराई थी, जिसमें किसी तरह की अन्य समस्या सामने नहीं आई। एयरलाइन ने दोहराया कि सुरक्षा मानकों से किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।
गौरतलब है कि इस तकनीकी खराबी ने पिछले वर्ष अहमदाबाद से लंदन जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट 171 के भीषण हादसे की यादें ताजा कर दी हैं, जिसमें 260 लोगों की जान चली गई थी। उस दुर्घटना की जांच रिपोर्ट में भी इसी तरह की तकनीकी स्थिति की ओर संकेत किया गया था।
एयर इंडिया के विमान में फ्यूल स्विच में आई खराबी के चलते करानी पड़ी इमरजेंसी लैंडिंग






