
कासगंज जिले के कटरा राम सिंह पुरा निवासी 16 वर्षीय छात्र कपिल, पुत्र सुभाष, की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। वह हाईस्कूल बोर्ड परीक्षा देने गया था, जहां परीक्षा के दौरान अचानक उसकी तबीयत खराब हो गई। आनन-फानन में अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। परिजनों के मुताबिक परीक्षा केंद्र बलदेव बिहारी इंटर कॉलेज नगला खंजी में जिला अस्पताल से पहुंची चिकित्सकों की टीम ने पहले उसका प्राथमिक उपचार किया था, लेकिन थोड़ी देर बाद उसकी हालत दोबारा बिगड़ गई। इसके बाद उसे तुरंत जिला अस्पताल ले जाया जा रहा था, तभी रास्ते में उसकी मृत्यु हो गई। बताया गया कि कपिल सुबह 8:30 बजे की पाली में गणित का पेपर दे रहा था। लगभग 10 बजे स्कूल से उसके पिता को फोन कर सूचना दी गई कि बेटे की तबीयत अचानक खराब हो गई है और वे तुरंत पहुंचें। घटना की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इलाके में भी इस दुखद घटना से मातम पसरा हुआ है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल सका है और परिजन शव को घर ले आए हैं।






