
उत्तर प्रदेश एटीएस ने पाकिस्तानी खुफिया एजेंसी आईएसआई के लिए जासूसी करने के आरोप में भारतीय नौसेना के एक जवान को आगरा से गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार जवान की पहचान आदर्श कुमार उर्फ लकी के रूप में हुई है, जो केरल के कोच्चि स्थित दक्षिण नेवल कमांड में तैनात बताया जा रहा है। वह इन दिनों शादी के सिलसिले में छुट्टी लेकर अपने घर आया हुआ था। एटीएस के अनुसार आदर्श काफी समय से जांच एजेंसियों की निगरानी में था। मंगलवार को एटीएस ने उसे आगरा से हिरासत में लेकर अदालत में पेश किया, जहां से कोर्ट ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। जांच एजेंसी का कहना है कि आदर्श सामरिक महत्व की सूचनाएं पाकिस्तान की खुफिया एजेंसी आईएसआई तक पहुंचा रहा था। उसने कुछ युद्धपोतों की तस्वीरें और उनकी लोकेशन अपने आईएसआई हैंडलर को भेजी थीं। इसके बदले उसके बैंक खाते में रकम भी ट्रांसफर की गई थी। एक पाकिस्तानी एजेंट की निगरानी के दौरान आदर्श का नाम सामने आने पर एटीएस ने उस पर नजर रखनी शुरू की थी। खाते में संदिग्ध लेनदेन की पुष्टि होने के बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।
शादी के लिए छुट्टी लेकर आया था घर
आगरा के गांव चीतपुर का रहने वाला आदर्श करीब सात वर्ष पहले भारतीय नौसेना में भर्ती हुआ था। एटीएस को काफी समय से उसके आईएसआई से संपर्क में होने की जानकारी मिल रही थी। 19 फरवरी को उसकी शादी हुई थी और इसके बाद वह हनीमून मनाने के लिए दुबई भी गया था। दो दिन पहले ही वह वापस लौटा था। पुख्ता साक्ष्य मिलने के बाद एटीएस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के मुताबिक, आदर्श ने अकोला के एसजी स्कूल से 12वीं तक पढ़ाई की थी और इसके बाद वह नौसेना में भर्ती हो गया था। गांव के लोगों का कहना है कि उसकी जीवनशैली और खर्चों को लेकर पहले भी चर्चाएं होती रहती थीं। उसकी शादी हाथरस की एक युवती से तय हुई थी और 12 फरवरी को वह छुट्टी लेकर गांव आया था। बताया जा रहा है कि वह गांव का पहला युवक था जो शादी के बाद हनीमून के लिए विदेश गया था। आरोपी के जासूसी मामले में गिरफ्तार होने के बाद गांव में तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। परिवार के लोग इस घटना से शर्मिंदा हैं और उनका कहना है कि आदर्श को गलत तरीके से फंसाया गया है। जब पत्रकार जानकारी लेने उसके घर पहुंचे तो परिजनों ने दरवाजे बंद कर लिए और कुछ भी कहने से इनकार कर दिया। वहीं, नौसेना के अधिकारी भी इस पूरे मामले में उसकी भूमिका की जांच कर रहे हैं। गांव के लोगों के मुताबिक आदर्श के पिता बलबीर सिंह शराब की ठेकेदारी का काम करते हैं। परिवार में उसकी तीन बहनें हैं और वह सबसे छोटा बेटा है। गांव के कई लोगों को अब भी यकीन नहीं हो रहा कि पैसों के लालच में आदर्श ऐसा कदम उठा सकता है।
पहले भी सामने आ चुके हैं जासूसी के मामले
गौरतलब है कि पिछले वर्ष मार्च में भी आईएसआई के लिए जासूसी के आरोप में फिरोजाबाद की ऑर्डिनेंस फैक्टरी के चार्जमैन रविंद्र कुमार को एटीएस ने आगरा से गिरफ्तार किया था। उस पर फेसबुक के जरिए ‘नेहा’ नाम की प्रोफाइल से जुड़े आईएसआई हैंडलर को गोपनीय सूचनाएं देने का आरोप था। इससे पहले वर्ष 2015 में बांग्लादेशी नागरिक मोहम्मद एजाज को एयरफोर्स स्टेशन के पास रेकी कर खुफिया जानकारी जुटाने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था।




